पूर्वी अलक़ाएम में अलअबीदी क्षेत्र पूरी तरह आज़ाद हुआ
इराक़ी सुरक्षा सूत्रों ने अंबार प्रांत के पश्चिम में स्थित अलक़ाएम शहर के पूर्वी भाग में स्थित अलअबीदी क्षेत्र के पूरी तरह आज़ाद होने की सूचना दी है।
अलमनार के हवाले से समाचार एजेंसी फ़ार्स के अनुसार, पश्चिमी अंबार को आज़ाद कराने के अभियान के कमान्डर अब्दुल अमीर यारल्लाह ने कहा कि इराक़ी फ़ोर्सेज़ ने अलअबीदी के पुराने और नए दोनों भाग, और अलबर्त, अफ़ीत, अलखसीम, अर्राफ़ेदा, अलजर्न और अस्सफ़रा गांवों को भी अपने नियंत्रण में कर लिया है।
उन्होंने बताया कि इराक़ी फ़ोर्सेज़ लगातार अपने लक्ष्य की ओर बढ़ती जा रही हैं।
एक इराक़ी सूत्र ने बताया कि इस कार्यवाही के दौरान बड़ी संख्या में दाइशी मारे गए और उनके दो वाहन तबाह हुए।
एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, इराक़ी स्वंयसेवी बल हश्दुश्शअबी और इराक़ी पुलिस की इकाइयों ने अलक़ाएम शहर में मार्गों पर सुरक्षा क़ायम करने के बाद 300 परिवारों को इस शहर से निकाल कर अधिक सुरक्षित स्थान की ओर भेज दिया है। इसी प्रकार सुरक्षा बल के जवानों ने इन परिवारों को ज़रूरत के तंबू और चिकित्सा मदद भी मुहैया करायी। (MAQ/N)