इराक़ी सेना ने अलक़ायम शहर में अमरीकी षड्यंत्र विफल बना दिया
इराक़ के स्वयं सेवी बल हिज़्बुल्लाह के प्रवक्ता ने अमरीका पर सीमावर्ती शहर अलक़ायम की स्वतंत्रता में बाधाएं डालने का आरोप लगाया है।
मेहर न्यूज़ एजेन्सी की रिपोर्ट के अनुसार इराक़ के स्वयं सेवी संगठन हिज़्बुल्लाह के प्रवक्ता जाफ़र हुसैनी ने कहा कि सीरिया के बू कमाल शहर की स्वतंत्रता के अभियान में इराक़ी स्वयं सेवी बल भी भाग लेंगे।
उन्होंने अंबार प्रांत के शहर अलक़ायम की स्वतंत्रता की ओर संकेत करते हुए इसे अमरीकी षड्यंत्रों की विफलता बताया और कहा कि अलक़ायम शहर की स्वतंत्रता से सीरियाई पक्षों के साथ संपर्क और क्षेत्र में प्रतिरोध के मोर्चे के बीच अधिक समन्वय होगा।
श्री जाफ़र हुसैनी ने कहा कि सीरिया के बूकमाल शहर की स्वतंंत्रता के अभियान में स्वयं सेवी बल भी भाग लेंगे क्योंकि यह शहर इराक़ी सीमा के निकट स्थित है। उन्होंने कहा कि सैन्य दृष्टि से अलक़ायम शहर और बू कमाल शहर के बीच संपर्क को नकारा नहीं जा सकता क्योंकि यह शहर इराक़ी प्रतिरोधकर्ताओं के मीज़ाइल निशाने पर है।
इराक़ के हिज़्बुल्लाह संगठन ने सीरिया में बू कमाल शहर को आतंकवादी गुट दाइश का अंतिम अड्डा बताया। उन्होंने कहा कि सीमाओं पर इराक़ी स्वयं सेवी बलों की उपस्थिति से दाइश के विरुद्ध संघर्ष का नया मोर्चा खुलेगा।
इराक़ी सेना ने 26 अक्तूबर 2017 को इस देश के प्रधानमंत्री के आदेश पर, अलक़ायम नगर को आज़ाद कराने के लिए आप्रेशन शुरु किया था। इस अभियान में सेना और स्वयं सेवी बलों ने भाग लिया। इराक़ी सेनाएं अक्काशात और उसके आसपास के क्षेत्रों को स्वतंत्र कराने के बाद गुरुवार को अलक़ायम शहर से निकट हुई थीं। अलक़ायम शहर के केन्द्र की स्वतंत्रता का अभियान शुक्रवार की सुबह आरंभ हुआ था।
अलक़ायम शहर की स्वतंत्रता से इराक़ के सभी महत्वपूर्ण क्षेत्र आतंकियों से स्वतंत्र हो गये हैं और केवल अलक़ायम के उत्तर में स्थित रवाह क्षेत्र के कुछ इलाक़े ही बाक़ी बचे हैं। (AK)