इस्राईल की मूर्खता का करारा जवाब दिया जायेगाः हमास
तेलअवीव को अच्छी तरह पता है कि हर प्रकार का संभावित युद्ध इस्राईल के लिए बहुत महंगा पड़ेगा। हमास
ईरान में फिलिस्तीन के इस्लामी आंदोलन हमास के प्रतिनिधि ने बल देकर कहा है कि यदि जायोनियों ने मूर्खतापूर्ण कार्यवाही की और ग़ज़्ज़ा पट्टी पर हमला किया तो उन्हें करारा जवाब दिया जायेगा।
ख़ालिद अलक़ुदूमी ने गुरूवार को मेहर न्यूज़ एजेन्सी से बात करते हुए कहा कि फिलिस्तीन के प्रतिरोधक गुट जायोनियों के हर प्रकार के अतिक्रमण का मुकाबला करने के लिए तैयार हैं और फिलिस्तीन की अत्याचारग्रस्त जनता के खिलाफ 70 साल से अधिक समय से जायोनियों के हमले व अपराध बंद नहीं हुए हैं।
ईरान में हमास के प्रतिनिधि ने जायोनियों की ओर से ग़ज़्ज़ा पट्टी के परिवेष्टन को एक प्रकार का अतिक्रमण बताया और कहा कि इस समय स्थिति जायोनी शासन के हित में आगे नहीं बढ़ रही है और तेलअवीव को अच्छी तरह पता है कि हर प्रकार का संभावित युद्ध इस्राईल के लिए बहुत महंगा पड़ेगा।
ख़ालिद क़ुदूमी ने फिलिस्तीन के प्रतिरोधक गुटों के निरस्त्रीकरण हेतु इस्राईल की मांग के बारे में भी कहा कि प्रतिरोध के अस्तित्व का मूल लक्ष्य अतिग्रहणकारी का अंत है और जब तक अतिग्रहण और अतिग्रहणकारी का अस्तित्व रहेगा तब तक प्रतिरोध भी जारी रहेगा।
इसी तरह उन्होंने फिलिस्तीन में राष्ट्रीय सहमति को स्वीकार करने पर आधारित इस्राईल की शर्त के बारे में कहा कि ईरान और हमास के संबंध सदैव स्ट्रैटेजिक रहे हैं और जायोनी शासन ईरान और प्रतिरोध गुटों का दुश्मन है इस आधार पर ईरान और हमास इस्राईल के खिलाफ एक संयुक्त मोर्चा हैं।
ज्ञात रहे कि जायोनी शासन ने कहा था कि वह फिलिस्तीन में होने वाली राष्ट्रीय सहमति को स्वीकार करने के लिए इस शर्त के साथ तैयार है कि हमास ईरान के साथ संबंध को तोड़ ले परंतु हमास के अधिकारियों ने जायोनी शासन की इस मांग को रद्द कर दिया और कहा है कि हमास न तो ईरान से संबंध विच्छेद करेगा और न ही इस्राईल को मान्यता प्रदान करेगा। MM