मरते दम तक सिंहासन नहीं छोड़ूंगाः शाह सलमान
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i52062-मरते_दम_तक_सिंहासन_नहीं_छोड़ूंगाः_शाह_सलमान
सऊदी अरब के 81 वर्षीय वृद्ध शासक का कहना है कि फिलहाल सत्ता छोड़ने की उनकी कोई इच्छा नहीं है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Nov १२, २०१७ १३:५२ Asia/Kolkata
  • मरते दम तक सिंहासन नहीं छोड़ूंगाः शाह सलमान

सऊदी अरब के 81 वर्षीय वृद्ध शासक का कहना है कि फिलहाल सत्ता छोड़ने की उनकी कोई इच्छा नहीं है।

तसनीम समाचार एजेन्सी के अनुसार सऊदी अरब के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि देश के 81 वर्षीय शाह, सलमान बिन अब्दुल अज़ीज़ आले सऊद ने स्पष्ट कर दिया है कि सत्ता पर वे अपनी पकड़ बनाए रखेंगे और इसकी बागडोर फिलहाल वे किसी को देना नहीं चाहते।  हालांकि 81 वर्षीय शाह सलमान बिन अब्दुल अज़ीज़ आले सऊद का स्वास्थ्य ठीक नहीं है और बताया जाता है कि वे पारकिंसन से जूझ रहे हैं।  उनको सुनने में भी काफी कठिनाई है किंतु सऊदी अरब की सत्ता की बागडोर वे हर स्थिति में अपने हाथ में ही रखना चाहते हैं।

ज्ञात रहे कि हालिया दिनों में यह ख़बर सामने आई थी कि सऊदी अरब के शासक शाह सलमान बिन अब्दुल अज़ीज़ आले सऊद चाहते हैं कि वे अपने बेटे को सत्ता स्थानांतरित कर दें जो वर्तमान समय में सऊदी अरब के रक्षामंत्री और युवराज हैं।

जब यह बात सामने आई तो शाह, सलमान बिन अब्दुल अज़ीज़ आले सऊद का कहना था कि वे अपने जीवन की अन्तिम सांस तक सिंहासन पर विराजमान रहेंगे।  सऊदी अधिकारी का कहना था कि शाह, सलमान बिन अब्दुल अज़ीज़ आले सऊद ने इस देश के पूर्व शासक शाह फहद का उदाहरण देते हुए कहा कि सन 2005 में अपनी मौत तक वे सऊदी अरब के शासक रहे हालांकि अपने जीवन के अन्तिम काल में वे बहुत बीमार हो गए थे।