सऊदी शहज़ादों के बाद अब सऊदी सैन्य अधिकारियों का नंबर
सऊदी अरब में शहज़ादों की गिरफ़्तारी के बाद कुछ वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को गिरफ़्तार किया गया है।
मेहर समाचार एजेन्सी ने ब्लोमबर्ग के हवाले से बताया है कि सऊदी अरब में 14 से अधिक वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को गिरफ़्तार किया गया है। अपना नाम छिपाने की शर्त पर सऊदी अरब के एक सूत्र ने बताया है कि गिरफ़्तार किये जाने वाले सऊदी सैन्य अधिकारियों का संबन्ध नैश्नल गार्ड और सऊदी रक्षा मंत्रालय से है।
गिरफ़्तार किये गए सऊदी सैन्य अधिकारियों पर आरोप है कि उन्होंने कई संदिग्ध रक्षा समझौते किये हैं। हालांकि कुछ स्थानीय सूत्रों का कहना है कि इन सैन्य अधिकारियों को इसलिए गिरफ़्तार किया गया है क्योंकि उन्होंने यमन युद्ध के दौरान एेसा कुछ नहीं किया जिसकी अपेक्षा सऊदी नेतृत्व को थी।
14 वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों की गिरफ़्तारी के साथ ही हालिया दिनों में सऊदी अरब में गिरफ़्तार किये जाने वाले महत्वपूर्ण लोगों की संख्या 200 से अधिक हो चुकी है। कुछ समय ही पहले सऊदी अरब के 11 शहज़ादों और 4 मंत्रियों सहित बहुत से लोगों को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ़्तार किया गया था।
वाॅल स्ट्रीट जरनल ने लिखा है कि व्यापक स्तर पर सऊदी अरब के बड़े लोगों की गिरफ़्तारी के साथ ही इस देश के युवराज मुहम्मद बिन सलमान ने इन लोगों से संबन्धित 2000 से अधिक खातों को सील कर दिया है। कुछ सूत्रों का कहना है कि हालिया दिनों में जो लोग सऊदी अरब में गिरफ़्तार किये गए हैं उनसे कहा गया है कि वे अपनी संपत्ति का 70 प्रतिशत भाग यदि सरकार के हवाले कर दें तो उनको आज़ाद किया जा सकता है।