सऊदी युवराज पर जानलेवा हमला, बाल-बाल बचे
सऊदी अरब युवराज "मुहम्मद बिन सलमान" एक जानलेवा हमले में बाल-बाल बच गए।
तसनीम समाचार एजेन्सी ने "अद्दियार" के हवाले से बताया है कि सऊदी अरब के युवराज मुहम्मद बिन सलमान पर इस देश के राष्ट्रीय गार्ड के कुछ सदस्यों ने हमला किया। बताया जा रहा है कि यह जानलेवा हमला शनिवार को किया गया था।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार शनिवार को एक वाहन पर सवार सऊदी अरब के नैश्नल गार्ड के पांच सदस्यों ने रियाज़ में युवराज सलमान की चलती गाड़ी पर गोलियां बरसाईं। बुलेटप्रूफ होने के कारण सऊदी युवराज को कोई नुक़सान नहीं पहुंचा किंतु उनके कुछ अंगरक्षकों के घायल होने की सूचना है।
इस बात की संभावना व्यक्त की जा रही है कि आक्रमणकारियों का संबन्ध सऊदी शहज़ादे मुतइब से हो सकता है जिन्हें हाल ही में गिरफ़्तार किया गया है। मुतइब बिन अब्दुल्लाह, वर्तमान युवराज सलमान की नीतियों के कड़े विरोधी रहे हैं। जानकारों का कहना है कि सऊदी अरब के नैश्नल गार्ड्स में अभी भी मुतइब के काफ़ी समर्थक मौजूद हैं जो आगे भी कोई कार्यवाही कर सकते हैं। यह लोग जहां मुतइब के समर्थक हैं वहीं पर सलमान की नीतियों का भी खुलकर विरोध कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि मुहम्मद बिन सलमान को सबसे अधिक डर मुतइब बिन अब्दुल्लाह से ही है। सलमान का मानना है कि मुतइब उनके विरुद्ध विद्रोह करवा सकते हैं इसीलिए उनको गिरफ़्तार किया गया है।
ज्ञात रहे इससे पहले सऊदी अरब के राष्ट्रीय गार्ड के कुछ सदस्यों के गिरफ़्तार किये जाने की सूचना दी गई थी।