सअद हरीरी आख़िर बैरूत लौट आए
लेबनान के प्रधान मंत्री सअद हरीरी सऊदी अरब में संदिग्ध रूप में अपने इस्तीफ़ा का एलान करने के 18 दिन बाद बैरूत लौट आए।
इरना के अनुसार, लेबनानी अधिकारियों की ओर से सअद हरीरी की स्वदेश वापसी की बारंबार मांग के नतीजे में उनका वीमान मंगलवार की रात क़ाहेरा के अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट से बैरूत के रफ़ीक़ हरीरी एयरपोर्ट पर उतरा।
सअद हरीरी दो हफ़्ते तक रियाज़ में रहने के बाद शनिवार को पेरिस गए और वहां उन्होंने फ़्रांसीसी राष्ट्रपति एमैनुलए मैक्रोन से मुलाक़ात की। इसी प्रकार उन्होंने क़ाहेरा में मंगलवार को मिस्री राष्ट्रपति अब्दुल फ़त्ताह अस्सीसी से भी मुलाक़ात की।
सअद हरीरी ने कहा था कि वह बुधवार को लेबनान के स्वाधीनता दिवस के समारोह में भाग लेंगे। उन्होंने 4 नवंबर को सऊदी अरब की राजधानी रियाज़ में एक बयान पढ़ते हुए अपने इस्तीफ़े का एलान किया था।
लेबनानियों और राजनैतिक टीकाकारों का मानना है कि हरीरी ने सऊदी अरब के दबाव में इस्तीफ़े का एलान किया जिसका लक्ष्य लेबनान के भीतर और बाहर हिज़्बुल्लाह को नुक़सान पहुंचाना है।
हिज़बुल्लाह ने क्षेत्र में सऊदी अरब की साज़िशों को नाकाम बनाने में बहुत बड़ा योगदान दिया है। (MAQ/N)