अमरीका को मध्यस्थ नहीं मानेंगेः महमूद अब्बास
फ़िलिस्तीनी प्रशासन के प्रमुख महमूद अब्बास ने कहा है कि फ़िलिस्तीनी आज के बाद से अमरीका को सांठगांठ वार्ता के मध्यस्थ के रूप में स्वीकार नहीं करेंगे।
रशिया टूडे की रिपोर्ट के अनुसार फ़िलिस्तीनी प्रशासन के प्रमुख महमूद अब्बास ने रामल्लाह फ़िलिस्तीनी अधिकारियों की आपात बैठक में कहा कि अमरीका, क्षेत्र में ज़ायोनी शासन के लक्ष्यों को लागू कर रहा है और बैतुल मुक़द्दस के बारे में सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव के विरुद्ध अमरीका का वीटो निंदनीय है।
श्री महमूद अब्बास ने कहा कि यह वीटो, विश्व समुदाय का मज़ाक़ उड़ाना, अतिग्रहण और हमलावरों का पक्ष लेना है।
फ़िलिस्तीनी प्रशासन के प्रमुख ने कहा कि बैतुल मुक़द्दस के बारे में अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के फ़ैसले का जवाब देने के लिए महत्वपूर्ण कार्यवाही की जाएगी जिनमें से संयुक्त राष्ट्र संघ में फ़िलिस्तीन को पूर्ण सदस्यता दिलाने के प्रयास जैसे विषय भी शामिल हैं।
दूसरी ओर फ़िलिस्तीनी प्रशासन के प्रवक्ता नबील अबू रदीना ने भी कहा कि वाशिंग्टन द्वारा वीटो का प्रयोग, अमरीका को अलग थलग कर देगा।(AK)