फ़िलिस्तीन, आक्रोश दिवस पर झड़पें, 39 फ़िलिस्तीन घायल
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i54893-फ़िलिस्तीन_आक्रोश_दिवस_पर_झड़पें_39_फ़िलिस्तीन_घायल
ग़ज़्ज़ा पट्टी और जार्डन नदी के पश्चिमी तट के विभिन्न क्षेत्रों में शुक्रवार को निरंतर चौथे सप्ताह बैतुल मुक़द्दस के बारे में अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के फ़ैसले के विरुद्ध प्रदर्शन हुए।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Dec २९, २०१७ १९:०८ Asia/Kolkata
  • फ़िलिस्तीन, आक्रोश दिवस पर झड़पें, 39 फ़िलिस्तीन घायल

ग़ज़्ज़ा पट्टी और जार्डन नदी के पश्चिमी तट के विभिन्न क्षेत्रों में शुक्रवार को निरंतर चौथे सप्ताह बैतुल मुक़द्दस के बारे में अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के फ़ैसले के विरुद्ध प्रदर्शन हुए।

फ़िलिस्तीनी इन्फ़ारमेशन सेन्टर की रिपोर्ट के अनुसार यह प्रदर्शन फ़िलिस्तीन के विभिन्न शहरों और क्षेत्रों में आयोजित हुए। फ़िलिस्तीनी प्रदर्शनकारियों और ज़ायोनी सैनिकों के बीच कई स्थानों पर भीषण झड़पें हुईं।

रामल्लाह, अलबेरा, अलख़लील, नाब्लस, क़िलक़िलिया, सलफ़ीत और ग़ज़्ज़ा पट्टी सहित विभिन्न क्षेत्रों में होने वाले प्रदर्शनों में शामिल प्रदर्शनकारियों को तितर बितर करने के लिए ज़ायोनी सैनिकों ने प्लास्टिक की गोलियां चलाईं और आंसू गैस के गोले फ़ायर किए।

फ़िलिस्तीन की रेड क्रिसेंट सोसाइटी ने अपने आरंभिक आंकड़े में अवैध अधिकृत बैतुल मुक़द्दस और जार्डन नदी के पश्चिमी तट के दो क्षेत्रों में घायल फ़िलिस्तीनियों की संख्या 35 बतायी है। घायलों में 15 लोग गोली लगने से घायल हुए जबकि 20 अन्य लोगों को आंसू गैस की वजह से दम घुटने की शिकायत हुई।

ग़ज़्ज़ा पट्टी में होने वाली झड़पों में चार फ़िलिस्तीनी गोली लगने से घायल हो गये जबकि 15 फ़िलिस्तीनियों को आंसू गैस की वजह से दम घुटने की शिकायत हुई।

छह दिसम्बर 2017 को अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के बैतुल मुक़द्दस के बारे में फ़ैसले के बाद से फ़िलिस्तीन के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रदर्शन हो रहे हैं।

इस्राईली सैनिक प्रदर्शनकारियों को तितर बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले और जीवित गोलिया प्रयोग कर रहे हैं। (AK)