सीरिया, पश्चिमी ग़ोता से आतंकियों के स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरु
सीरिया के रीफ़े दमिश्क़ प्रांत के दक्षिण पश्चिमी क्षेत्रों से इदलिब और दरआ प्रांतों की ओर नुस्रा फ़्रंट के आतंकियों के स्थानांतरण की प्रक्रिया आरंभ हो गयी है।
इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार सीरिया की रेड क्रिसेंट सोसाइटी की बसों और एंबुलेंस को शुक्रवार को रीफ़े दमिश्क़ प्रांत के दक्षिण पश्चिमी क्षेत्रों की ओर रवाना किया गया है और आतंकवादी इन्हीं के माध्यम से इदलिब और दरआ प्रांतों की ओर अपने परिवार के साथ स्थानांतरित होंगे।
सीरिया की सेना ने रीफ़े दमिश्क़ की बरदइया पहाड़ियों पर नियंत्रण प्राप्त करने के बाद बैते जिन्न नामक फ़ार्म्स का घेरा तंग कर दिया है।
अलअहद वेबसाइट ने गुरुवार को सीरिया के सैन्य सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट दी थी कि बैते जिन्न नामक क्षेत्र में आतंकवादी एकत्रित होंगे ताकि उनके स्थानांतरण की भूमिका प्रशस्त हो सके।
इस समय बैते जिन्न और उसके आसपास के कुछ क्षेत्र आतंकियों के नियंत्रण में हैं और इन क्षेत्रों की स्वतंत्रता के बाद पश्चिमी ग़ोता का पूरा क्षेत्र सीरिया की सेना के नियंत्रण में आ जाएगा।
हालिया दिनों में सीरिया की सेना और स्वयं सेवी बलों ने देश के विभिन्न क्षेत्रों में आतंकवादियों को भारी पराजय का सामना कराया है। (AK)