फ़िलिस्तीन, बैतुल मुक़द्दस के समर्थन में व्यापक प्रदर्शन
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i55745-फ़िलिस्तीन_बैतुल_मुक़द्दस_के_समर्थन_में_व्यापक_प्रदर्शन
ग़ज़्ज़ा पट्टी और जार्डन नदी के पश्चिमी तट सहित फ़िलिस्तीन के विभिन्न शहरों में बैतुल मुक़द्दस के समर्थन में व्यापक प्रदर्शन हुए।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jan १२, २०१८ १८:३८ Asia/Kolkata
  • फ़िलिस्तीन, बैतुल मुक़द्दस के समर्थन में व्यापक प्रदर्शन

ग़ज़्ज़ा पट्टी और जार्डन नदी के पश्चिमी तट सहित फ़िलिस्तीन के विभिन्न शहरों में बैतुल मुक़द्दस के समर्थन में व्यापक प्रदर्शन हुए।

हमारे संवाददाता की रिपोर्ट के अनुसार ग़ज़्ज़ा पट्टी के निवासी फ़िलिस्तीनियों ने ग़ज़्ज़ा के प्रसिद्ध स्क्वायर पर व्यापक प्रदर्शन करके बैतुल मुक़द्दस के बारे में अमरीका और ज़ायोनी शासन के निर्णय की निंदा की। प्रदर्शनकारियों ने इसी प्रकार फ़िलिस्तीनी प्रशासन और पीएलओ की केन्द्रीय परिषद से ज़ायोनी शासन के साथ सुरक्षा समझौता तोड़ने की मांग की।

फ़िलिस्तीनी प्रदर्शनकारियों ने इसी प्रकार अरब और मुस्लिम देशों से मांग की है कि वह बैतुल मुक़द्दस के समर्थन में व्यवहारिक क़दम बढ़ाएं। इसी मध्य ग़ज़्ज़ा पट्टी में ज़ायोनी सैनिकों की फ़ायरिंग में एक फ़िलिस्तीनी युवा घायल हो गया।

रिपोर्टों में बताया गया है कि ज़ायोनी सैनिकों ने ग़ज़्ज़ा पट्टी में इस्राईल के फ़ैसले के विरुद्ध प्रदर्शन कर रहे फ़िलिस्तीनियों पर आंसू गैस के गोलों से हमला किया जिससे कई फ़िलिस्तीनियों को दम घुटने की शिकायत हुई।

बैतुल मुक़द्दस में भी हज़ारों फ़िलिस्तीनियों ने जुमे की नमाज़ के बाद बैतुल मुक़द्दस के बारे में ट्रम्प के फ़ैसले के विरुद्ध व्यापक प्रदर्शन किए। मस्जिदुल अक़सा के इमामे जुमा शैख़ यूसुफ़ अबू सनीना ने कहा कि बैतुल मुक़द्दस के बारे में अमरीका का निर्णय अत्याचारपूर्ण है और इस फ़ैसले की कोई अहमियत नहीं है और यह फ़ैसला फ़िलिस्तीनियों को स्वीकार नहीं है। 

अल ख़लील और जार्डन नदी के पश्चिमी तट में भी हज़ारों फ़िलिस्तीनियों ने बैतुल मुक़द्दस के समर्थन में प्रदर्शन किए। प्रदर्शनकारियों ने अतिग्रहणकारियों के फ़िलिस्तीनी धरती पर उपस्थिति को नकार दिया। (AK)