बैतुल मुक़द्दस और पश्चिमी जॉर्डन से दर्जनों फ़िलिस्तीनी गिरफ़्तार
ज़ायोनी शासन के सैनिकों ने मंगलवार देर रात फ़िलिस्तीन की राजधानी बैतुल मुक़द्दस और पश्चिमी जॉर्डन पर हमला करके दर्जनों फ़िलिस्तीनी युवाओं और बच्चों को गिरफ़्तार कर लिया है।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार ज़ायोनी सैनिकों ने पश्चिमी जॉर्डन के रामल्ला और अलबैरा क्षेत्र से कई फ़िलिस्तीनी युवाओं और नाबलस इलाक़े से दो फ़िलिस्तीनी बच्चों को गिरफ़्तार किया है जबकि पूर्वी नाबलस में एक फ़िलीस्तीनी युवक, ज़ायोनी सैनिकों की फ़ायरिंग में घायल हो गया है।
याद रहे कि जबसे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बैतुल मुक़द्दस को ज़ायोनी शासन की राजधानी स्वीकार करने की घोषणा की है तबसे फ़िलिस्तीनियों और ज़ायोनी शासन के सैनिकों के बीच होने वाली झड़पों में तेज़ी आई है। फ़िलिस्तीनी लगातार ट्रम्प के फ़ैसले के ख़िलाफ़ प्रदर्शन कर रहे हैं।
क़ुद्स इंतेफ़ाज़े की शुरुआत से अब तक इस्राईली सैनिकों के साथ होने वाली झड़पों में 22 फ़िलिस्तीनी शहीद और हज़ारों अन्य घायल हो गए हैं। इस बीच ज़ायोनी शासन ने फ़िलिस्तीनी राष्ट्र के आंदोलनों और विरोध प्रदर्शनों से बचने के लिए बड़ी संख्या में फ़िलिस्तीनी युवाओं की गिरफ़्तारी आरंभ कर दी है और अब तक सैकड़ों फिलिस्तीनी युवाओं, बच्चों और महिलाओं को ज़ायोनी सैनिकों ने गिरफ़्तार करके जेल में क़ैद कर दिया है।
दूसरी ओर अतिग्रहणकारी ज़ायोनी शासन के साथ-साथ अमेरिकी सरकार भी बैतुल मुक़द्दस के बजाय अबूदीस इलाक़े को फ़िलिस्तीन की राजधानी क़रार देने का प्रयास कर रहा है, जबकि अबूदीस केवल चार किलोमीटर के क्षेत्रफल में फैला हुआ एक छोटा सा क्षेत्र है और वहाँ की आबादी भी बहुत कम है।
उल्लेखनीय है कि अबूदीस को फ़िलिस्तीन की राजधानी मानने के अमेरिकी सुझाव को सभी फ़िलीस्तीनी संगठों सहित, फ़िलिस्तीनी प्रशासन के प्रमुख महमूद अब्बास ने भी ख़ारिज कर दिया है। (RZ)