अफ़्रीन में तुर्क सेना के हमले पर सीरिया सख़्त नाराज़
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i56293-अफ़्रीन_में_तुर्क_सेना_के_हमले_पर_सीरिया_सख़्त_नाराज़
सीरिया के विदेश मंत्रालय ने उत्तरी शहर अफ़्रीन पर तुर्की के हमले की कड़ाई से निंदा करते हुए कहा कि तुर्की का हमला सीरिया की राष्ट्रीय संप्रभुता का उल्लंघन है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jan २१, २०१८ ०२:५१ Asia/Kolkata
  • अफ़्रीन में तुर्क सेना के हमले पर सीरिया सख़्त नाराज़

सीरिया के विदेश मंत्रालय ने उत्तरी शहर अफ़्रीन पर तुर्की के हमले की कड़ाई से निंदा करते हुए कहा कि तुर्की का हमला सीरिया की राष्ट्रीय संप्रभुता का उल्लंघन है।

समाचार एजेंसी फ़ार्स के अनुसार, सीरिया ने अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से तुर्की के हमले की भर्त्सना करने और इसे रुकवाने के लिए ज़रूरी उपाय करने की अपील की।

सीरियाई विदेश मंत्रालय ने तुर्की के इस दावे को रद्द किया कि अंकारा ने अफ़्रीन में अपनी कार्यवाही से दमिश्क़ को सूचित किया है।

तुर्क विदेश मंत्री मौलूद चाउश ओग़लू ने शुक्रवार को उत्तरी सीरिया में तुर्की के सैन्य हमले शुरु होने के कुछ घंटे बाद दावा किया कि इस कार्यवाही से सीरियाई अधिकारियों को लिखित रूप में सूचित किया गया है।

तुर्क सेना शुक्रवार से सीरिया के अफ़्रीन शहर में सीरियन डेमोक्रेटिक फ़ोर्सेज़ के ठिकानों पर तोपख़ानों से गोलाबारी कर रही है। इसी तरह तुर्क सेना की ज़मीनी कार्यवाही शनिवार को स्थानीय समयानुसार शाम 5 बजे शुरु हुयी।

इससे पहले भी दमिश्क़ सीरिया की भूमि पर तुर्की की ग़ैर क़ानूनी कार्यवाही व मौजूदगी की आलोचना कर चुका है। (MAQ/N)