ऑलिव ब्रान्च अभियान में तुर्की के 300 सैनिक हताहत
सीरिया के शहर अफ़्रीन में तुर्की सेना द्वारा कुर्द लड़ाकों के ख़िलाफ़ की जा रही सैन्य कार्यवाही में अबतक तुर्की के 300 से अधिक सैनिक मारे जा चुके हैं।
स्पूतनिक समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार कुर्द डेमोक्रेटिक एलायंस (PYD) ने एक बयान जारी करके कहा है कि सीरिया के हलब प्रांत के अफ़्रीन में तुर्की की ओर से शुरू की गई सैन्य कार्यवाही में कुर्द लड़ाकों ने अबतक 300 से अधिक तुर्क और उसके सहयोगी सैनिकों को मार गिराया है।
कुर्द डेमोक्रेटिक एलायंस (PYD) ने कहा है कि तुर्की द्वारा चलाए जा रहे ऑलिव ब्रान्च अभियान में अब तक हमारे 43 जवानों और 59 आम नागरिक की मौत हुई है।
कुर्द डेमोक्रेटिक एलायंस ने सीरिया की धरती पर तुर्की की सैन्य कार्यवाही का मुक़ाबला करने पर बल देते हुए कहा है कि तुर्की द्वारा अफ़्रीन में किए जा रहे सैन्य हमले में तुर्की, आधुनिक सैन्य हथियारों, नैटो के हथियारों और जर्मनी के टैंकों एवं बख़्तरबंद सैन्य वाहनों से लैस है। कुर्द एलायंस ने कहा है कि इन सब के बावजूद तुर्की किसी भी तरह से सफल नहीं हो पाएगा।
उल्लेखनीय है कि तुर्की ने सीरिया के उत्तरी शहर अफ़्रीन में सैन्य कार्यवाही 20 जनवरी से आरंभ कर रखी है। सीरियाई सरकार ने अफ़्रीन में तुर्की के सैन्य अभियान की कड़े शब्दों में निंदा की है और इसे सीरिया की संप्रभुता का उल्लंघन बताया है। (RZ)