सीरिया में अमरीकी योजना को विफल बना देंगेः तुर्की
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i56799-सीरिया_में_अमरीकी_योजना_को_विफल_बना_देंगेः_तुर्की
तुर्की के उप प्रधानमंत्री ने कहा है कि उत्तरी सीरिया के मंबिज क्षेत्र में सरकार विरोधी कुर्दों से निबटते हुए अमरीकी समर्थकों की योजना को विफल बना देंगे।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jan २९, २०१८ १३:०९ Asia/Kolkata
  • सीरिया में अमरीकी योजना को विफल बना देंगेः तुर्की

तुर्की के उप प्रधानमंत्री ने कहा है कि उत्तरी सीरिया के मंबिज क्षेत्र में सरकार विरोधी कुर्दों से निबटते हुए अमरीकी समर्थकों की योजना को विफल बना देंगे।

बाक़िर बोज़दाग़ ने कहा है कि जबतक अमरीकी अधिकारी, क्षेत्र में अपनी विस्तारवादी नीतियों को नहीं छोड़ते उस समय तक तुर्की की सरकार, इस प्रकार के षडयंत्रों को विफल बनाती रहेगी।  उन्होंने कहा कि तुर्की इस प्रकार की किसी भी कार्यवाही की अनुमति नहीं देगा जिसके परिणाम स्वरूप तुर्की और सीरिया की सीमा पर तनाव उत्पन्न हो। तुर्की के उप प्रधानमंत्री ने कहा कि इस षडयंत्र के पीछे काम करने वालों का हम मुक़ाबला करने के लिए तैयार हैं।

तुर्की के उप प्रधानमंत्री ने जिस अमरीकी षडयंत्र के बारे में बात की है वह अमरीका की वृहत्तर मध्यपूर्व योजना है।  पिछले कई वर्षों से अमरीका, इसको लागू करने के प्रयास कर रहा है किंतु क्षेत्रीय देशों की दूरदर्शिता और प्रतिरोध के कारण इस योजना को बाधाओं का सामना रहा है।  इराक़ और सीरिया संकट ने अमरीका तथा ज़ायोनी शासन को इस बात का अवसर प्रदान किया है कि वे वृहत्तर मध्यपूर्व की योजना को आगे बढ़ा सकें।  इस योजना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से सीरिया और इराक़ में आतंकवादी गुटों को सक्रिय करने के साथ ही साथ वहां पर राष्ट्रवादी ताक़तों को बढ़ावा दिया गया ताकि प्रतिरोध का केन्द्र विभिन्न भागों में बंटकर कमज़ोर हो जाए।  इस प्रकार मध्यपूर्व के बारे में इस्राईल और अमरीका का षडयंत्र आगे बढ़ाने के प्रयास किये जा रहे हैं।

इस संबन्ध में एक रूसी राजनैतिक टीकाकार का कहना है कि वृहत्तर मध्यपूर्व योजना का एक भाग, क्षेत्रीय कुर्द गुटों का समर्थन करना है।  अमरीका ने सीरिया संकट के दौरान अपनी सुरक्षा एजेन्सियों के माध्यम से सशस्त्र कुर्द गुटों की सहायता की और उनके लिए हथियार उपलब्ध कराए।  वर्तमान समय में यह बहुत आवश्यक है कि क्षेत्र की शांति एवं सुरक्षा को सुनिश्चित बनाया जाए जिससे तातपर्य, क्षेत्रीय एकता और संप्रभुता का सम्मान किया जाए।