केमिकल हथियार के इस्तेमाल का अमरीकी दावा बेबुनियाद है, सीरिया
-
दमिश्क़ स्थित सीरियाई विदेश मंत्रालय की इमारत (फ़ाइल फ़ोटो)
सीरियाई विदेश मंत्रालय ने अमरीका के इस इल्ज़ाम को रद्द किया है जिसमें उसने पूर्वी ग़ूता में सीरियाई सेना द्वारा रासायनिक हथियार के इस्तेमाल की बात कही है।
समाचार एजेंसी साना के अनुसार, सीरियाई विदेश मंत्रालय ने शनिवार की शाम बल दिया कि अमरीका का दमिश्क़ के निकट आतंकियों व विद्रोहियों के ख़िलाफ़ सीरियाई सेना द्वारा रासायनिक हथियार के इस्तेमाल का दावा बेबुनियाद व झूठा है।
सीरियाई विदेश मंत्रालय ने कहा कि अमरीकी इल्ज़ाम ऐसे झूठ हैं जिनकी बुनियाद सीरिया के भीतर अमरीकी घटकों की ओर से गढ़ी गयी कहानियां हैं।
पिछले साल अमरीकी सेना ने इद्लिब के ख़ान शैख़ून इलाक़े पर रासायनिक हमले की प्रतिक्रिया में शईरात में सीरियाई सेना की सैन्य छावनी पर मीज़ाईल बरसाए थे। अमरीका ने सीरियाई सेना पर ख़ान शैख़ून पर हमले का इल्ज़ाम लगाया था। सीरियाई सरकार सेना द्वारा रासायनिक हथियार के इस्तेमाल के इल्ज़ाम को बारंबार रद्द कर चुकी है और इसे सीरियाई सरकार पर दबाव डालने की साज़िश बताती है।
दमिश्क़ सरकार का कहना है कि अमरीका सहित विदेशी सरकारों ने कुछ गुटों को हथियार व ट्रेनिंग देकर सीरिया में आतंकवाद की आग भड़कायी है। अगर विदेशी सरकारों की ओर आतंकवादी गुटों का समर्थन न होता तो सीरिया में इतनी तबाही न होती। (MAQ/N)