अमरीकी सेना के इराक़ से निकलने का बिल संसद में मंज़ूर
इराक़ी संसद ने आधिकारिक रूप से कहा है कि वह अमरीकी सैनिकों सहित विदेशी सैनिकों के निष्कासन के लिए समयावधि निर्धारित करे।
इराक़ी संसद ने एक बिल पास करके इराक़ी सरकार को इस बात पर प्रतिबद्ध किया है कि वह इराक़ी धरती से अमरीकी सैनिकों सहित विदेशी सैनिकों के निष्कासन के लिए एक समयावधि निर्धारित करे। आतंकवादी गुट दाइश की पराजय के बाद से अमरीकी सेना सहित विदेशी सैनिकों की तैनाती का मुद्दा इस समय इराक़ी जनता और राजनैतिक दलों के बीच सबसे महत्वपूर्ण विषय है।
इराक़ में अमरीकी सैनिकों की अकारण कार्यवाहियों के कारण इराक़ी जनता में काफ़ी आक्रोष पाया जाता है और वह अब अपने देश से अमरीकी सैनिकों के त्वरित निष्कासन की मांग कर रही है।
इराक़ की अलमालूमा न्यूज़ वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार इराक़ी सांसदों ने गुरुवार की बैठक में उन सभी देशों का आभार व्यक्त करते हुए जिन्होंने दाइश के विरुद्ध युद्ध में इराक़ की सहायता की है, इराक़ सरकार से कहा है कि वह देश से विदेशी सैनिकों के निष्कासन के लिए समयावधि की घोषणा करे।
इससे पहले इराक़ी संसद में राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा मामलों के आयोग ने प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी के नाम एक पत्र में उनसे कहा था कि वह देश में अमरीकी सैनिकों की उपस्थिति के बारे में बयान दें और अपना दृष्टिकोण स्पष्ट करें। (AK)