सऊदी वायु सीमा के प्रयोग की इस्राईली कोशिश
इस्राईल ने अपने हवाई जहाज़ों के लिए सऊदी अरब की वायु सीमा के प्रयोग के लिए प्रयास तेज़ कर दिए हैं।
फ़िलिस्तीन टूडे के अनुसार इस्राईल जाने वाले एयर इंडिया के विमानों को सऊदी अरब की ओर से अपनी वायु सीमा के प्रयोग की अनुमति दिए जाने के बाद ज़ायोनी शासन की हवाई कंपनी अलआल ने भी एेसी ही अनुमति दिए जाने की मांग की है।
इस्राईल के टेलीवीजन चैनल-20 के अनुसार ज़ायोनी एयर लाइन ने तीसरे देश की मध्यस्थता से अपनी मांग सऊदी अधिकारियों को भिजवाई है।
पिछले वर्षों के दौरान आले सऊद सरकार और इस्राईल के बीच अनौपचारिक संपर्क के समाचार निरंतरता के साथ मीडिया पर आते रहे हैं।
फ़िलिस्तीन जनता ने बारंबार इस्राईल और सऊदी अरब के बीच गुप्त संबंधों पर आपत्ति भी जताई है।
फ़िलिस्तीनियों का कहना है कि इस्राईल और सऊदी अरब के बीच गुप्त संबंध ज़ायोनी शासन के अतिग्रहण के विरुद्ध उनके वैध प्रतिरोध की पीठ में खंजर घोपने के समान है।
सऊदी अरब के साथ साथ संयुक्त अरब इमारात और बहरैन ने भी इस्राईल से संबंध स्थापित करने के उद्देश्य से औपचारिक और अनौपचारिक संबंधों का क्रम आरंभ कर रखा है। (AK)