गिरफ़्तार सऊदी राजकुमार हुआ लापता, आल सऊद में मचा हड़कंप
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i59623-गिरफ़्तार_सऊदी_राजकुमार_हुआ_लापता_आल_सऊद_में_मचा_हड़कंप
सऊदी युवराज मोहम्मद बिन सलमान के भ्रष्टाचार विरोधी अभियान में गिरफ़्तार हुए सऊदी राजकुमार तुर्की बिन अब्दुल्लाह के लापता होने से शाही परिवार में हड़कंप मच गया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Mar १९, २०१८ १७:१२ Asia/Kolkata
  • गिरफ़्तार सऊदी राजकुमार हुआ लापता, आल सऊद में मचा हड़कंप

सऊदी युवराज मोहम्मद बिन सलमान के भ्रष्टाचार विरोधी अभियान में गिरफ़्तार हुए सऊदी राजकुमार तुर्की बिन अब्दुल्लाह के लापता होने से शाही परिवार में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार सऊदी अरब में जारी भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के अंतर्गत गिरफ़्तार किए गए इस देश की राजधानी रियाज़ की मेट्रो परियोजना में वित्तीय और विभागीय भ्रष्टाचार के आरोप के तहत राजकुमार तुर्की बिन अब्दुल्लाह को सऊदी सुरक्षा एजेंसियों द्वारा गिरफ़्तार करके जेल भेजा गया था।

सऊदी सूत्रों के अनुसार कुछ दिन पहले गिरफ़्तार राजकुमार को सऊदी सुरक्षाबल एक अज्ञात स्थान पर लेकर गए थे। सूत्र के मुताबिक़ राजकुमार तुर्की बिन अब्दुल्लाह को आले सऊद शासन के युवराज मोहम्मद बिन सलमान की विशेष जेल भेजा गया है।

मीडिया रिपोर्टों ने बताया है कि राजकुमार तुर्की बिन अब्दुल्लाह को विदेशों में मौजूद उनकी अथाह संपत्तियों और पैसों के कारण गिरफ़्तार किया गया है। तुर्की बिन अब्दुल्लाह की संपत्तियां विदेशों में होने के कारण सऊदी सुरक्षाबलों और एजेंसियों की पहुंच उस तक नहीं हो पा रही है।

अलअहद अलजदीद नामक वेबसाइट के अनुसार, सऊदी अरब के युवराज मोहम्मद बिन सलमान अपने चचेरे भाइयों ख़ासकर भूतपूर्व सऊदी शासक मलिक अब्दुल्लाह के पुत्रों से विशेष तरह की दुश्मनी रखते हैं।

अलअहद अलजदीद वेबसाइट के मुताबिक़ इस समय यह कोई नहीं जानता के रियाज़ के पूर्व गवर्नर तुर्की बिन अब्दुल्लाह को गिरफ़्तार करके उनको कहां रखा गया है और न ही किसी में इतनी हिम्मत है कि उनके बारे में पूछ सके। दूसरी ओर तुर्की बिन अब्दुल्लाह के अचानक लापता होने के बाद से सऊदी अरब के पूरे शाही परिवार में हड़कंप मचा हुआ है। (RZ)