यमनः सऊदी हमले जारी , फिर 17 आम नागरिक मारे गये
यमन पर सऊदी अतिक्रमण जारी है और गुरुवार के दिन सअदा प्रान्त पर बमबारी में 17 आम नागरिकों के मारे जाने की सूचना है।
अलआलम के अनुसार सऊदी युद्धक विमानों ने इसी प्रकार अलहुदैदा प्रान्त के अलजराही क्षेत्र पर 8 बार बमबारी की।
इसी प्रकार सऊदी युद्धक विमानों ने सअदा प्रान्त के बनी सयाह इलाक़े पर 3 बार बमबारी की।
सऊदी अतिक्रमण का जवाब देते हुए यमनी सेना ने भी अज़्जालेअ क्षेत्र में सऊदी एजेन्टों के ठिकानों पर हमले किये जिसके दौरान कई सऊदी एजेन्ट मारे गये।
यमन के अलमसीरा टीवी चैनल ने भी बताया है कि उत्तरी यमन के अलजौफ प्रान्त में सऊदी एजेन्टों के एक टैंक को तबाह कर दिया गया।
यमनी सूत्रों ने दक्षिणी सऊदी अरब के नजरान क्षेत्र में स्थिति " मराश" सैन्य छावनी पर यमनी सेना और स्वंय सेवी बल के जवानों के हमले से संबंधित कुछ चित्र प्रकाशित किये हैं जिनमें हमले के बाद सऊदी टैंकों और सैनिकों को भागते हुए देखा जा सकता है।
सऊद अरब ने, यूएई, अमरीका, ब्रिटेन और फ्रांस की मदद से मार्च 2015 से यमन पर जल थल व हवा से हमले आरंभ कर रखे हैं जिसकी वजह से अब तक दसियों हज़ार यमनी हताहत और घायल हो चुके हैं किंतु यमनी जनता के संघर्ष की वजह से सऊदी अरब का कोई भी उद्देश्य अभी तक पूरा नहीं हो सका है। (Q.A.)