यमन, सऊदी हमलों में हज़ारों शिक्षा केन्द्र तबाह
यमन के शिक्षा और प्रशिक्षण मंत्रालय ने कहा है कि यमन पर सऊदी अरब के तीन वर्षीय हमलों में विभिन्न प्रांतों में 2 हज़ार 640 स्कूल और प्रशिक्षण केन्द्र तबाह हुए हैं।
यमन के अलमसीरा टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार यमन के शिक्षा और प्रशिक्षण मंत्रालय ने कहा है कि देश के विभिन्न प्रांतों में लगभग 2 हज़ार 640 शिक्षा केन्द्रों को नुक़सान हुआ जिनमें से 293 शिक्षा केन्द्र पूरी तरह तबाह हो गये हैं।
यमन के इस मंत्रालय ने इसी प्रकार राजधानी सनआ में पिछले तीन वर्षों में यमन पर हमले के दौरान आले सऊद शासन के अपराधों के चित्रों की प्रदर्शनी लगाई है।
इसी बीच यमन के जनांदोलन अंसारुल्लाह के महासचिव सैयद अब्दुल मलिक बदरूद्दीन अलहूसी ने देश की जनता को अगले सोमवार को यमन पर सऊदी अरब के हमलों की तीसरी बर्सी के अवसर पर निकालने वाली रैलियों में व्यापक स्तर पर भाग लेने की अपील की है।
यमन के मज़दूर संघ ने भी शनिवार को एक बयान जारी करके जनता से राजधानी सनआ के सबईन स्क्वायर पर निकलने वाली देश व्यापी रैलियों में बढ़ चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
ज्ञात रहे कि सऊदी अरब ने मार्च 2015 से यमन पर व्यापक हमले जारी रखे हैं। सऊदी अरब यमन के त्यागपत्र दे चुके राष्ट्रपति मंसूर हादी को सत्ता में लाना चाहता है। यमन पर सऊदी अरब के हमलों के दौरान अब तक 10363 से अधिक यमनी हताहत हुए जिनमें 2066 बच्चे और 1574 महिलाए हैं। यमन पर सऊदी अरब के हमलों के दौरान 21233 से अधिक नागरिक घायल हुए जिनमें 3025 बच्चे और 2508 महिलाएं हैं। (AK)