पूर्वी ग़ोता का 90 प्रतिशत क्षेत्र आज़ाद
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i59904-पूर्वी_ग़ोता_का_90_प्रतिशत_क्षेत्र_आज़ाद
मीडिया सूत्रों ने सीरिया के पूर्वी ग़ोता से छह सौ से अधिक आतंकवादियों के अपने परिजनों के साथ निकलने की सूचना दी है।
(last modified 2023-11-29T05:45:15+00:00 )
Mar २५, २०१८ १२:२९ Asia/Kolkata

मीडिया सूत्रों ने सीरिया के पूर्वी ग़ोता से छह सौ से अधिक आतंकवादियों के अपने परिजनों के साथ निकलने की सूचना दी है।

सीरिया की सरकारी टीवी चैनल अलअख़बार ने रिपोर्ट दी है कि पूर्वी ग़ोता के एन तिरमा, जोबर, अरबीन और ज़मलका में मौजूद आतंकवादी अपने परिजनों के साथ दस बसों पर सवार होकर क्षेत्र से निकल गये।

इस रिपोर्ट के आधार पर पूर्वी ग़ोता से आतंकवादी निकलकर इदलिब जाएंगे। पूर्वी ग़ोता में मौजूद अलअख़बारिया टीवी चैनल के पत्रकार ने रिपोर्ट दी है कि इन क्षेत्रों से आतंकवादियों के निकलने का क्रम सोमवार तक जारी रहेगा।

सीरिया की सेना ने पूर्वी ग़ोता के 90 प्रतिशत क्षेत्रों पर नियंत्रण स्थापित कर लिया है और क्षेत्र से आम नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए सेना और स्वयं सेवी बलों ने सुरक्षित कोरीडोर बनाया था जिसके द्वारा सैकड़ों परिवार निलकने में सफल रहे। यहां पर यह भी बताना आवश्यक है कि सीरिया की सेना और उसके घटक बलों ने आम नागरिकों के निकलने के लिए जो सुरक्षित कोरीडोर बनाया था उस पर आतंकवादियों ने कई बार हमले किए जिसमें कई नागरिक हताहत व घायल हुए।

सीरिया की सेना और उसके घटक बलों ने लगभग तीन सप्ताह पहले 9 बजे से लेकर दो बजे दोपहर तक पूर्वी ग़ोता में संघर्ष विराम लागू किया था ताकि आम नागरिकों को निकलने में आसानी हो सके।

पूर्वी ग़ोता अभियान शुरु होते ही आतंकवादियों और उसके समर्थक मीडिया ने सीरिया की सेना और उसके घटक बलों पर आरोपों की बौछार शुरु कर दी और कहा कि इन हमलों में आम नागरिक विशेषकर बच्चे और महिलाएं मारे जा रहे हैं किन्तु मीडिया में आने वाले वीडियो की जब कुछ चैनलों ने जांच की तो पता चला कि यह सब फ़ेक थे और आतंकवादियों ने पूरी योजना के साथ इन ड्रामों को तैयार किया ताकि सीरिया की सेना और उसके घटक बलों पर जनसंहार का आरोप लगा सकें।

बहरहाल सीरिया की सेना ने आतंकवादियों के प्रोपेगैंडों की अनदेखी करते हुए आतंकवादियों के नियंत्रण में फंसे आम नागरिकों को निकालने और आतंकवादियों के सफ़ाए का अभियान जारी रखा और अब वह दिन दूर नहीं जब पूर्वी ग़ोता आतंकियों से साफ़ हो जाएगा। (AK)