यमनी मीज़ाइलों ने सऊदी हवाई अड्डों को निशाना बनाया
यमन के मीज़ाइलों ने सऊदी अरब के कई हवाई अड्डों को निशाना बनाया है।
अलआलम टीवी चैनल ने सोमवार को रिपोर्ट दी कि यमन के मीज़ाइल यूनिट ने बरकान एच-2 मीज़ाइल से सऊदी अरब की राजधानी रियाज़ के किंग ख़ालिद अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को निशाना बनाया। इसी तरह असीर के अबहा में स्थित स्थानीय हवाई अड्डे को क़ाहिर एम-2 मीज़ाइल से लक्ष्य बनायागया जबकि दक्षिणी सऊदी अरब के जीज़ान क्षेत्र के हवाई अड्डे और कई अन्य अहम लक्ष्यों पर यमनी बलों ने बैलिस्टिक मीज़ाइल दाग़े हैं। सऊदी अरब ने इनमें से कुछ मीज़ाइलों को हवा में ही तबाह करने का दावा किया है जबकि यमनी सेना ने घोषणा की है कि मीज़ाइल पूर्व निर्धारित लक्ष्यों पर जा कर गिरे हैं।
सऊदी अरब की ओर से यमन की कड़ी घेराबंदी के बावजूद इस देश की रक्षा शक्ति में दिन प्रतिदिन वृद्धि होती जा रही है। सऊदी अरब ने अमरीका, यूएई और कई अन्य देशों की मदद से मार्च 2015 में यमन पर भयावह हवाई हमले शुरू किए थे और उसने इस देश का जल, थल और वायु मार्ग से घेराव कर रखा है। सऊदी अरब और उसके घटकों के हमलों में अब तक यमन के चौदह हज़ार से अधिक लोग मारे जा चुके हैं जबकि दसियों हज़ार लोग घायल और दसियों लाख बेघर हो गए हैं। इसके बावजूद सऊदी अरब और उसके घटक अब तक यमन में अपना एक भी लक्ष्य हासिल नहीं कर सके हैं। (HN)