सीरिया सरकार ने आतंकवादियों को दिया अंतिम मौक़ा
सीरियाई सेना ने पूर्वी ग़ोता के दोमा क्षेत्र में मौजूद आतंकवादियों को क्षेत्र छोड़कर निकल जाने या फिर आत्मसमर्पण करने के लिए अतिरिक्त एक सप्ताह का समय दिया है।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार पूर्वी ग़ोता के दोमा क्षेत्र पर इस समय सऊदी-समर्थित आतंकवादी गुट, जैशुल इस्लाम का नियंत्रण है जबकि सीरिया की सेना ने दोमा में मौजूद आतंकवादियों को यह अंतिम चेतावनी दी है कि वह क्षेत्र छोड़कर जा सकते हैं या फिर देश की सेना के सामने आत्मसमर्पण कर दें।
इस बीच, राष्ट्रीय शांति समझौते के तहत, पूर्वी ग़ोता के दूसरे इलाक़ों में मौजूद आतंकवादियों और उनके परिवार वालों का छठा कारवां, सीरियाई रेड क्रास की टीम की देखरेख में इदलिब की ओर रवाना हो गया है।
इससे पहले पूर्वी ग़ोता में मौजूद दो आतंकवादी गुटों, फ़लीक़ुर्रहमान गुट और जिब्हतुन्नुस्रा के बीच केवल इसलिए ख़ूनी झड़पें हो गईं कि कौन सा गुट पूर्वी ग़ोता से पहले बाहर निकलेगा।
दूसरी ओर ऐसी सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं कि सऊदी समर्थित तकफ़ीरी आतंकवादी गुट जैशुल इस्लाम के सरग़ना अलबवैज़ानी ने सीरियाई सेना के सामने हथियार डालने और ग़ोता छोड़कर इदलिब जाने से इंकार कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि सीरिया की सेना ने पहले ही घोषणा कर दी है कि वह तय समय-सीमा के बाद पूर्वी ग़ोता पर आतंकवादियों के सफाए के लिए हमला करने के लिए पूरी तरह तैयार है। आशा की जा रही है कि जैसे ही आतंकवादियों को दी गई मोहलत समाप्त होगी सीरियाई सेना सबसे पहले जैशुल इस्लाम के ठीकाने पर हमला करेगी। (RZ)
अफ़ग़ानिस्तान में सेना के 6 कमांडो हताहत
पश्चिमी अफ़ग़ानिस्तान के फराह प्रांत के प्रांतीय परिषद के एक सदस्य का कहना है कि तालेबान के साथ हुई ताज़ा झड़पों में अफ़ग़ान सेना के 6 कमांडो मारे गए हैं।
समाचार एजेंसी तसनीम के मुताबिक़ पश्चिमी अफ़ग़ानिस्तान के फराह प्रांत के प्रांतीय परिषद के सदस्य, दादुल्लाह क़ाने ने बताया है कि शुक्रवार को बालाबलूक नामी इलाक़े में तालेबान के साथ अफ़ग़ान सेना की हुई झड़पों में सेना के 6 कमांडो मारे गए हैं जबकि कई अन्य घायल भी हुए हैं।
दादुल्लाह क़ाने के अनुसार गुरुवार रात से ही दोनों ओर से फ़ायरिंग का सिलसिला शुरू हो गया था। उन्होंने बताया कि अफ़ग़ान सुरक्षा बलों के साथ संघर्ष में कई तालेबान लड़ाके भी मारे गए हैं जबकि कई अन्य घायल भी हुए हैं।
दूसरी ओर, स्थानीय लोगों का कहना है कि अफ़ग़ानिस्तान की वायु सेना द्वारा किए गए हमलों के कारण अफ़ग़ान सेना के 6 कमांडो मारे गए हैं जबकि अफ़ग़ान सेना के अधिकारियों ने कमांडो के मारे जाने के बारे में अभी तक कुछ नहीं कहा है।
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि पश्चिमी अफ़ग़ानिस्तान के बालाबलूक और ख़ाके सफ़ेद इलाक़ो में अफ़ग़ान सेना और तालेबान के बीच भीषण झड़पें अभी भी जारी हैं। (RZ)