आले सऊद को अंतर्राष्ट्रीय अदालत में पेश करने की मांग
हज़ारों इराक़ियों ने राजधानी बग़दाद के बैरूत स्क्वायर पर प्रदर्शन करके आले सऊद शासन के अधिकारियों पर इराक़, सीरिया, बहरैन और यमन में युद्ध अपराधों के कारण मुक़द्दमा चलाए जाने की मांग की।
इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार इराक़ी जनता के विभिन्न वर्ग के हज़ारों लोगों ने शुक्रवार को बग़दाद के बैरूत स्क्वायर पर प्रदर्शन करके क्षेत्रीय देशों और इराक़ के बारे में आले सऊद शासन की नीतियों पर आपत्ति जताई।
इस प्रदर्शन में शामिल लोग आले सऊद के विरुद्ध गगन भेदी नारे लगा रहे थे। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने इसी प्रकार आले सऊद के युद्ध अपराधों, आतंकवाद के पालन पोषण, इराक़ में आतंकियों को भेजने तथा तकफ़ीरी और वहाबी गुटों के वित्तीय और राजनैतिक समर्थन की निंदा की।
प्रदर्शनकारी रियाज़ और बग़दाद के संबंधों के सामान्य होने की प्रक्रिया को रोकने की मांग कर रहे थे।
प्रदर्शनकारियों ने इसी प्रकार सऊदी क्राउन प्रिंस मुहम्मद बिन सलमान की संभावित इराक़ यात्रा का भी विरोध किया है।