इराक़ के कुर्दिस्तान क्षेत्र पर तुर्क सेना का अतिक्रमण
तुर्क सैनिकों ने इराक़ के कुर्दिस्तान क्षेत्र के 20 किलोमीटर भीतर तक घुसपैठ की जिसके कारण इस क्षेत्र से इराक़ी नागरिक घर बार छोड़ कर भागने पर मजबूर हुए।
फ़ुरात न्यूज़ के अनुसार, इराक़ के अर्बील प्रांत के जानकार सूत्रों ने बताया कि तुर्क सैनिकों ने सूरान शहर के सैदकान क्षेत्र के निकट स्थित पहाड़ियों का अतिग्रहण कर लिया और उन क्षेत्रों पर बमबारी करके कि जिन्हें पीकेके का ठिकाना कहा गया है, सैन्य छावनी बना ली है।
सैदकान क्षेत्र के एक कुर्द अधिकारी ने बताया कि तुर्क सैनिकों के अतिक्रमण के कारण 100 इराक़ी परिवार बेघर हो गए। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र पर तुर्की के हमले के कारण 2 इराक़ी घायल हुए और इस क्षेत्र की जनता अपना घर छोड़ कर जाने पर मजबूर हुयी।
दूसरी ओर अर्बील के अधिकारियों ने पीकेके से इराक़ की भूमि छोड़ने और तुर्की पर हमला न करने की मांग की है।
ग़ौरतलब है कि तुर्की इराक़ के दहूक प्रांत में सैन्य छावनी बना चुका है, जिस पर इराक़ सरकार ने आपत्ति जताते हुए तुर्की से अपने सैनिक इराक़ से निकालने के लिए कहा है। (MAQ/N)