लेबनान की वायु सीमा का एक बार फिर अतिक्रमण हुआ
इस्राईली फ़ाइटर जेट ने लेबनान की वायु सीमा का एक बार फिर अतिक्रमण किया। लेबनानी सेना ने बताया कि ज़ायोनी सेना के 4 फ़ाइटर जेट ने सोमवार तड़के यह अतिक्रमण किया।
स्पूतनिक न्यूज़ के अनुसार, इस्राईली फ़ाइटर जेट जौनिया शहर के पश्चिमी भाग से लेबनान के बालबक सहित पूर्वी क्षेत्रों में दाख़िल हुए और हवाई गश्त लगाने के बाद क्षेत्र से बाहर निकल गए।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव नंबर 1701 में ज़ायोनी शासन को लेबनान के ख़िलाफ़ भड़काउ कार्यवाही से रोका गया है लेकिन यह शासन इस प्रस्ताव की अनदेखी करते हुए आए दिन लेबनान की वायु, ज़मीनी और समुद्री सीमाओं का अतिक्रमण करता है। यह प्रस्ताव लेबनान के ख़िलाफ़ इस्राईल द्वारा 2006 में थोपी गयी 33 दिवसीय जंग के बाद पारित हुआ था।
इस बीच सीरियाई न्यूज़ एजेंसी साना की रिपोर्ट के अनुसार, इस्राईली फ़ाइटर जेट ने लेबनान की वायु सीमा का अतिक्रमण करके सीरिया की टी-4 सैन्य छावनी के एयरपोर्ट पर हमला किया है।
उधर इस्राईली मीडिया के अनुसार, इस्राईल ने सीरिया की टी-4 छावनी पर हमले से पहले अमरीका को पूर्व सूचना दी थी। (MAQ/N)