गज़्ज़ा पर इस्राईली युद्धक विमानों का हमला
इस्राईली युद्धक विमानों ने एक बार फिर इस्लामी प्रतिरोध आंदोलन हमास के ठिकानों को निशाना बनाते हुए कई बार हमले किए हैं।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार ज़ायोनी शासन के युद्धक विमानों ने पूर्वी गज़्ज़ा के ज़ैतून इलाक़े में स्थित हमास के कई सुरक्षा टावरों को निशाना बनाते हुए बमबारी की है। इस्राईली लड़ाकू विमानों की बमबारी के कारण गज़्ज़ा वासियों की फसलें पूरी तरह तबाह हो गई हैं।
ज़ायोनी शासन ने एक बयान जारी करके दावा किया है कि पूर्वी गज़्ज़ा पर की गई ताज़ा बमबारी, गज़्ज़ा सीमा पर मौजूद इस्राईली सेना के बुल्डोज़रों पर फ़िलिस्तीनी प्रदर्शनकारियों द्वारा किए गए हमले के जवाब में की गई है। इस बीच इस्राईली सेना ने बुधवार को हमास के ठिकानों पर की गई बमबारी की पुष्टि करते हुए दावा किया है कि इस्राईली बुलडोज़रों पर हमास के कार्यक्रताओं ने देसी बम से हमला किया था।
दूसरी ओर फ़िलीस्तीनी प्रतिरोधक्रताओं ने इस्राईली सैनिकों के बर्बरतापूर्ण हमलों के जवाब में जॉर्डन नदी के पश्चिमी तट के क़लक़ीलिया शहर के पूर्व में अवैध ज़ायोनी बस्ती के क्षेत्र शेआरी तकफ़ा पर फ़ायरिंग करके मुंहतोड़ जवाब दिया है। (RZ)