क्या क़ब्र से ग़ायब हो गया है सद्दाम का शव?
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i61208-क्या_क़ब्र_से_ग़ायब_हो_गया_है_सद्दाम_का_शव
आजकल इराक़ और दुनिया के कुछ मीडिया हलकों में इस तरह की ख़बरें चल रही हैं कि इराक़ के पूर्व तानाशाह सद्दाम का शव उनकी क़ब्र से ग़ायब हो गया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Apr १६, २०१८ १६:२६ Asia/Kolkata
  • क्या क़ब्र से ग़ायब हो गया है सद्दाम का शव?

आजकल इराक़ और दुनिया के कुछ मीडिया हलकों में इस तरह की ख़बरें चल रही हैं कि इराक़ के पूर्व तानाशाह सद्दाम का शव उनकी क़ब्र से ग़ायब हो गया है।

इराक़ के तिकरित के दक्षिण में स्थित अलऔजा गांव में मौजूद पूर्व तानाशाह सद्दाम की क़ब्र और उनके शव को लेकर अलग-अलग तरह की बातें हो रहा हैं। कुछ इराक़ी मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार इराक़ के पूर्व तानाशाह की क़ब्र अब टूटे-फूटे कंक्रीट से ज़्यादा कुछ नहीं बची है और न ही उनके शव के कोई अवशेष क़ब्र में रह गए हैं। 

लेकिन आज, इस बात को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं अगर तानाशाह सद्दाम का शव उनकी क़ब्र में नहीं है तो फिर गया कहां?  क्या उनका शव अलऔजा में ही है या फिर उसे खोदकर निकाल लिया गया है और अगर ऐसा है तो उसे कहां ले जाया गया है?

क्या सद्दाम के शव को क़ब्र से निकालकर जलाया दिया गया?

इराक़ के पूर्व तानाशाह सद्दाम के क़बीले से संबंध रखने वाले व्यक्ति शेख़ मुनाफ़ अली अल-निदा का कहना है कि सद्दाम की कब्र को खोदा गया और उसे जला दिया गया। हालांकि, वह यह भी कहते हैं कि उन्होंने ऐसा होते हुए नहीं देखा है और न ही उनके पास इस बात का कोई प्रमाण है।

तो क्या तानाशाह की बेटी ले गई पिता का शव?

सद्दाम के लिए काम कर चुके एक लड़ाके ने यह भी आशंका व्यक्त की है कि सद्दाम की निर्वासित बेटी “हला सद्दाम” एक निजी विमान से अलऔजा आईं और पिता के शव को अपने साथ जॉर्डन ले गईं हैं। इस पर सद्दाम के समय के स्टूडेंट और अब प्रोफेसर बन चुके एक व्यक्ति ने नाम न ज़ाहिर करने की शर्त पर बताया कि यह असंभव है क्योंकि हला कभी इराक़ लौटी ही नहीं।

दूसरी ओर इराक़ सरकार ने इस तरह की तमाम ख़बरों को बेबुनियाद बताते हुए कहा है कि इराक़ के पूर्व तानाशाह का शव जहां दफ़्नाया गया था वहीं है और वह कहीं नहीं गया है। सद्दाम की क़ब्र की सुरक्षा में तैनात सुरक्षा बलों का कहना है कि तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश ने जब अलऔजा पर क़ब्ज़ा कर लिया था तो उस समय उन लोगों ने सद्दाम की क़ब्र खोदने की कोशिश की थी पर इराक़ी सेना ने हवाई हमला करके आतंकवादियों के इस प्रयास को नाकाम बना दिया था। (RZ)