सीरिया में दाइश के ठिकानों पर बमबारी जारी रहेगीः अलएबादी
इराक़ के प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया है कि सीरिया में दाइश के ठिकानों पर बमबारी आगे भी जारी रहेगी।
हैदर अलएबादी ने कहा कि बग़दाद, सीरिया के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप का पक्षधर नहीं है किंतु वहां पर दाइश के ठिकानों पर बमबारी जारी रहेगी।
इराक़ के प्रधानमंत्री ने मंगलवार को बग़दाद में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आतंकवादियों के सीरिया की सीमा से इराक़ में दाख़िल होने की संभावना पाई जाती है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि सीरिया के भीतर दाइश के ठिकानों पर बमबारी जारी रहेगी। हैदर अलएबादी ने सीरिया संकट की जटिलता की ओर संकेत करते हुए कहा कि सीरिया की जनता, अपने भविष्य का निर्धारण स्वयं करेगी। इराक़ी प्रधानमंत्री का कहना था कि उनका देश दाइश के आतंकवादियों का पीछा न केवल इराक़ में बल्कि क्षेत्र में भी करता रहेगा।