सीरिया में दाइश के ठिकानों पर इराक़ के हमले तेज़
सीरिया और इराक़ के बीच आतंकवाद से संघर्ष के मुद्दे पर उच्चस्तरीय समन्वय के बाद इराक़ी प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने सीरिया के भीतर दाइश के ठिकानों पर हमले के आदेश दिए हैं।
अलइराक़िया टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार इराक़ी प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी के कार्यालय का कहना है कि सशस्त्र सेना के प्रमुख प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी के आदेश के बाद वायु सेना ने सीरिया के पूर्वोत्तरी क्षेत्र दशीशा में दाइश के ठिकाने पर हमला किया।
इराक़ी सेना की संयुक्त कमान के प्रवक्ताा यहिया ज़ुबैदी ने बल दिया कि सशस्त्र सेनाएं, सीरिया सरकार के साथ समन्वय करके सीरिया के भीतर तक दाइश के आतंकियों का पीछा करेंगी।
ज्ञात रहे कि पिछले अप्रैल के महीने में प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी के आदेश के बाद संयुक्त सेना ने सीरिया के भीतर दाइश के कार बम बनाने के कारख़ानों सहित दाइश के कई महत्वपूर्ण ठिकानों पर एफ़- 16 से हमला किया और उसे पूरी तरह तबाह कर दिया था।
उधर इराक़ी स्वयं सेवी बल के प्रवक्ता अहमद अलअसदी ने बग़दाद में आतंकवाद के बारे में अंतर्राष्ट्रीय कांफ़्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि सीरिया से मिली संयुक्त सीमा के निकट दाइश से संघर्ष जारी रहने के लिए दोनों पक्षों के बीच समन्वय बहुत ज़रूरी है। (AK)