सीरिया में आतंकियों के बीच आपस में मतभेद व झड़प
सीरिया में एक ओर सेना और प्रतिरोध बल की सफलता जारी है तो दूसरी ओर सीरिया के पश्चिमोत्तरी प्रांत इदलिब में अमरीका समर्थित दो सशस्त्र गुटों के बीच झड़प के समाचार हैं।
यह झड़प सीरिया के कुर्द डेमोक्रेटिक संघ के तत्वों और विरोधी गुट अलग़द के तत्वों के बीच उस वक़्त हुयी जब कुर्द डेमोक्रेटिक संघ ने अलग़द गुट की नुख़बा फ़ोर्स से अपने हथियार रखने की मांग की।
नुख़बा के आतंकियों को अमरीका और ब्रिटेन का समर्थन हासिल है और उन्होंने जॉर्डन में ट्रेनिंग ली है। इस फ़ोर्स ने इससे पहले सीरिया के कुर्द डेमोक्रेटिक संघ की फ़ोर्स में विलय का विरोध किया था। सीरिया में विभिन्न मोर्चों पर आतंकियों को मिल रही निरंतर पराजय और सीरियाई सेना और प्रतिरोध बल को मिल रही लगातार सफलता के कारण इन गुटों के सरग़नाओं के बीच मतभेद बढ़ गए हैं।
दूसरी ओर जैशुल इस्लाम नामक आतंकवादी गुट के कार्यालय के प्रमुख मोहम्मद अल्लूश ने भी इस गुट की सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया है। मोहम्मद अल्लूश ने ऐसी हालत में इस्तीफ़ा दिया है कि जैशुल इस्लाम नामक आतंकवादी गुट को अप्रैल में पूर्वी ग़ूता में अपने तत्वों के आत्मसमर्पण करने की वजह से सीरियाई सेना की इस शर्त को मानना पड़ा कि वह दूमा शहर और पूर्वी क़लमून को छोड़ दे और हथियार व सैन्य उपकरण हवाले करके अपने तत्वों को उत्तरी सीरिया के हलब प्रांत के जराबलस और इदलिब प्रांत ले जाए।
सीरिया में आतंकियों की अपने राजनैतिक व सैन्य लक्ष्यों की प्राप्ति में नाकामी, इन गुटों के बीच आपस में झड़प तेज़ होने और राजनैतिक फूट बढ़ने का कारण बनी है और इन हालात को देख कर लगता है कि क्षेत्र में उनके पूरी तरह ख़त्म होने की प्रक्रिया तेज़ हो गयी है। (MAQ/T)