इराक़, संसदीय चुनाव में भारी उतार चढ़ाव, हैदर अलएबादी आगे
इराक़ के स्वतंत्र चुनाव आयोग के एक सूत्र ने रविवार को बताया कि इराक़ी प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी का गठजोड़ अन्नस्र संसदीय चुनाव में आगे चल रहा है।
रोइटर्ज़ की रिपोर्ट के अनुसार मुक़तदा सद्र का धड़ा साएरून संसदीय चुनाव में दूसरे नंबर पर है जबकि अलबद्र संगठन के महासचिव हादी अलआमेरी का गठबंधन अलफ़त्ह तीसरे स्थान पर है और पूर्व प्रधानमंत्री नूरी अलमालेकी का गठबंधन अलक़ानून चौथे स्थान पर है।
अभी तक इराक़ के सरकारी सूत्रों ने आधिकारिक घोषणा नहीं की है किन्तु अगले दो दिनों में परिणामों की घोषणा कर दी जाएगी।
इससे पहले रिपोर्ट दी गयी थी कि इराक़ की राजधानी बग़दाद में संसदीय चुनाव के आरंभिक परिणाम से पता चलता है कि अलबद्र संगठन के महासचिव जनरल हादी अलआमेरी के नेतृत्व वाली अलफ़त्ह पार्टी आगे चल रही है।
इराक़ की नून समाचार एजेन्सी ने रविवार को रिपोर्ट दी है कि बग़दाद में संसदीय चुनाव के आरंभिक परणामों से पता चलता है कि अलबद्र संगठन के महासचिव हादी अलआमेरी के नेतृत्व वाली अलफ़त्ह पार्टी पहले नंबर पर है जबकि इराक़ के उप राष्ट्रपति नूरी मालेकी के नेतृत्व वाले अलक़ानून अलाएंस दूसरे, इराक़ी प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी के नेतृत्व वाले अन्नस्र तीसरे और सद्र धड़े के नेता मुक़तदा सद्र के नेतृत्व वाले साएरून गठबंधन चौथे पर है।
इराक़ के संसदीय चुनाव के आरंभिक परिणाम से पता चलता है कि इराक़ के दक्षिणी प्रांत बसरा में पहले नंबर पर अलफ़त्ह और फिर अन्नस्र, साएरून और अलहिकमा क्रमशः दूसरे, तीसरे और चौथे नंबर पर हैं।
इसी प्रकार ज़ीक़ार और वासित प्रांतों में साएरून पहले और बाबिल प्रांत में अलफ़त्ह तथा दियाला प्रांत में अन्नस्र और सलाहुद्दीन प्रांत में अलफ़त्ह पहले नंबर चल रही हैं।
इराक़ी चुनाव आयोग ने घोषणा की है कि आम चुनाव के पहले परिणामों की घोषणा अगले दो दिन में कर दी जाएगी।
शनिवार को होने वाले इराक़ के संसदीय चुनाव में एक करोड़, दस लाख इराक़ियों ने भाग लिया जबकि टर्न आऊट 44.5 प्रतिशत रहा। (AK)