इराक़ में सरकार गठन के लिए गतिविधियां तेज़
इराक़ में नई सरकार बनाने के लिए गतिविधियां तेज़ हैं। आम चुनावों के बाद मुक़तदा सद्र का एलायंस अस्साएरून सबसे अधिक वोट पाने वाले एलायंस के रूप में उभर है और वह अन्य गठबंधनों के साथ मिलकर सरकार बनाने की कोशिश कर रहा है।
मुक़तदा सद्र ने कहा है कि नई सरकार टेक्नोक्रेटों की सरकार होनी चाहिए जो भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा सके। मुक़तदा सद्र ने इससे पहले भी कहा कि हर प्रकार की दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सरकार का गठन किया जाए।
मुक़तदा सद्र ने कहा था कि वह अम्मार हकीम की नेशनल हिकमत पार्टी, इयाद अल्लावी की अलवतनीया पार्टी और प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी की अन्नस्र पार्टी के साथ एलायंस करने के लिए तैयार हैं।
दूसरी ओर कुर्दिस्तान डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता मसऊदी बारेज़ानी और अलफ़त्ह पार्टी के नेता हादी अलआमेरी ने टेलीफ़ोन पर बातचीत में इस बात पर ज़ोर दिया है कि जनता की इच्छाओं को पूरा किया जाना चाहिए।
अलफ़त्ह को इराक़ के बहुत से प्रांतों में सबसे अधिक वोट मिले हैं जबकि मसऊद बारेज़ानी की पार्टी को कुर्दिस्तान में अच्छी संख्या में वोट मिले हैं।
इसी बीच इराक़ के प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने कहा कि नई सरकार भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ संघर्ष करें। उन्होंने कहा कि नई संसद और नई सरकार बनने तक वर्तमान सरकार अपनी ज़िम्मेदारियों पर अमल करती रहेगी।
इराक़ में गत 12 मई को आम चुनाव हुए जिसमें लगभग 11 मिलियन इराक़ी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया मतदान 44 प्रतिशत रहा।
इराक़ में संसद की 329 सीटें हैं।