लेबनान की नई सरकार में हिज़्बुल्लाह होगी शामिलः लेबनानी विदेशमंत्री
लेबनान के विदेशमंत्री ने देश की नई सरकार में हिज़्बुल्लाह के शामिल होने पर बल दिया है और कहा है कि हिज़्बुल्लाह के विरुद्ध अमरीका के हालिया प्रतिबंध, लेबनान की नई सरकार के गठन में रुकावट नहीं बनेंगे।
फ़ार्स न्यूज़ एजेन्सी की रिपोर्ट के अनुसार लेबनान के विदेशमंत्री जिबरान बासिल ने अलअख़बार समाचार पत्र से बात करते हुए कहा कि लेबनान की नई सरकार में शामिल होने या लेबनान की नई सरकार के गठन में रुकावट पैदा करने के उद्देश्य से हिज़्बुल्लाह के विरुद्ध अमरीका की हालिया कार्यवाहियां, अप्रभावी हैं क्योंकि हिज़्बुल्लाह को नई सरकार में शामिल होना है।
ज्ञात रहे कि अमरीका ने 16 मई 2018 को हिज़्बुल्लाह के महासचिव सैयद हसन नसरुल्लाह और उप महासचिव शैख़ नईम क़ासिम सहित लेबनान के इस्लामी प्रतिरोध आंदोलन हिज़्बुल्लाह के कुछ वरिष्ठ सदस्यों पर नये प्रतिबंध लगा दिए।
अमरीकी वित्तमंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि छह लोगों को वैश्विक आतंकवाद से संबंध होने के आरोप में प्रतिबंधों की सूची में शामिल किया गया। इन छह लोगों में से पांच का संबंध हिज़्बुल्लाह से है।
लेबनान के विदेशमंत्री ने बल दिया कि अमरीका की वर्तमान सरकार में राजनैतिक पागलपन साफ़ दिखाई दे रहा है और अमरीका को यह जान लेना चाहिए कि क्षेत्र में शुरु होने वाला कोई भी युद्ध सीमित नहीं होगा। (AK)