पराग्वे ने भी अमरीका का किया अनुसरण, फ़िलिस्तीन की निंदा
फ़िलिस्तीन के विदेशमंत्रालय ने तेल अवीव से बैतुल मुक़द्दस दूतावास स्थानांतरित करने की पराग्वे की कार्यवाही निंदा की है।
मेहर न्यूज़ एजेन्सी की रिपोर्ट के अनुसार फ़िलिस्तीन के विदेशमंत्रालय ने सोमवार को एक बयान जारी करके पराग्वे की कार्यवाही को फ़िलिस्तीनी जनता से खुली दुश्मनी बताया और बल दिया कि यह कार्यवाही अंतर्राष्ट्रीय नियमों और फ़िलिस्तीनी जनता के अधिकारों का खुला उल्लंघन है और यह कार्यवाही ग़ैर क़ानूनी है।
फ़िलिस्तीन के विदेशमंत्रालय ने अपने बयान में बल दिया है कि अमरीकी दूतावास को तेल अवीव से बैतुल मुक़द्दस स्थानांतरित करने की ट्रम्प की कार्यवाही के साथ ही पराग्वे के मुद्दे को भी अंतर्राष्ट्रीय मंच पर उठाया जाएगा ।
ज्ञात रहे कि सोमवार 21 मई को पराग्वे के राष्ट्रपति और ज़ायोनी प्रधानमंत्री बिनयामीन नेतनयाहू की उपस्थिति में पराग्वे ने बैतुल मुक़द्दस में अपने दूतावास का उद्घाटन किया।
उल्लेखनीय है कि अमरीका ने सोमवार 14 मई को अपने दूतावास को तेलअवीव से बैतुल मुक़द्दस स्थानांतरित किया जिसका विश्वस्तर पर विरोध किया जा रहा है। ज़ायोनी शासन के सैनिकों ने विरोध करने वाले 62 फ़िलिस्तीनियों की गोली मारकर हत्या कर दी तथा 3000 फ़िलिस्तीनियों को घायल कर दिया।
ट्रम्प ने ऐसी हालत में अमरीकी दूतावास को बैतुल मुक़द्दस स्थानांतरित किया है कि ट्रम्प के 6 दिसंबर के एलान के ख़िलाफ़ 21 दिसंबर 2017 को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में बैतुल मुक़द्दस के पक्ष में एक प्रस्ताव पारित हुआ था जिसमें कहा गया है कि संयुक्त राष्ट्र संघ बैतुल मुक़द्दस को इस्राईल की राजधानी के रूप में मान्यता नहीं देगा। इस प्रस्ताव के पक्ष में 128 और विरोध में 9 वोट पड़े थे जबकि 35 देशों ने भाग नहीं लिया था। (AK)