सीरिया में रूस के 4 सैन्य सलाहकार मारे गए
-
इस फ़ाइल फ़ोटो में रूसी सैनिक सीरिया के प्राचीन शहर तदमुर या पलमीरा में अपने सैन्य वाहन के साथ इंटरनैश्नल डिमाइनिंग सेंटर में नज़र आ रहे हैं (एएफ़पी के सौजन्य से)
पूर्वी सीरिया में आतंकियों की गोलाबारी में रूस के 4 सैन्य सलाहकार मारे गए।
रूस के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि सीरिया के पूर्वी प्रांत दैरुज़्ज़ूर में उसके 4 कर्मचारी सीरियाई सेना की तोपख़ाना इकाई के ख़िलाफ़ विदेश समर्थित तकफ़ीरी आतंकियों के हमले के दौरान मारे गए।
रूसी रक्षा मंत्रालय ने रविवार को इस बयान में कहा कि रूसी सेना के दो सलाहकार जो सीरियाई तोपख़ाना इकाई को निर्देश दे रहे थे, घटना स्थल पर ही मारे गए जबकि 5 गंभीर रूप से घायल हुए जिन्हें इलाज के लिए रूसी सेना के अस्पताल ले जाया गया जिनमें से 2 घाव सहन न कर पाने की वजह से चल बसे।
इस बयान में आगे कहा गया है कि इसके बाद एक घंटे तक चली झड़पों में 43 आतंकी मारे गए। इस बयान में यह नहीं बताया गया कि ये झड़पें कब और कहां हुयीं।
उधर सीरियन ऑब्ज़र्वेट्री फ़ॉर ह्यूमन राइट्स एसओएचआर ने बाद में दावा किया कि बुधवार के हमले में 26 सीरियाई सैनिक और 9 रूसी फ़ौजी मारे गए।
एसओएचआर के प्रमुख रामी अब्दुर्रहमान ने एएफ़पी को बताया कि दैरुज़्ज़ूर शहर से 44 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित मयादीन क़स्बे के निकट कई मिलिटेंट्स गुटों ने सीरियाई सैनिकों पर हमला किया और उस समय कुछ रूसी नागरिक भी मौजूद थे। इससे पहले फ़रवरी में सीरिया में रूस के प्राइवेट सैन्य ठेकेदार जो सीरिया में इस देश की सेना और रूसी फ़ोर्सेज़ की तकफ़ीरी आतंकियों के ख़िलाफ़ दैरूज़्ज़ूर में मदद कर रहे थे, अमरीकी फ़ोर्सेज़ के हमले में मारे गए थे। (MAQ/N)