सीरिया में अमरीकी हमले में फिर आम नागरिक मारे गए
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i64182-सीरिया_में_अमरीकी_हमले_में_फिर_आम_नागरिक_मारे_गए
सीरिया में दाइश के ख़िलाफ़ अमरीका की अगुवाई वाले कथित अंतर्राष्ट्रीय गठबंधन ने हस्का शहर पर हवाई हमला किया जिसमें 12 आम नागरिक मारे गए।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jun ०२, २०१८ १२:३२ Asia/Kolkata
  • सीरिया में अमरीकी हमले में फिर आम नागरिक मारे गए

सीरिया में दाइश के ख़िलाफ़ अमरीका की अगुवाई वाले कथित अंतर्राष्ट्रीय गठबंधन ने हस्का शहर पर हवाई हमला किया जिसमें 12 आम नागरिक मारे गए।

समाचार एजेंसी साना के अनुसार, अमरीकी गठबंधन के फ़ाइटर जेट ने पूर्वोत्तरी सीरिया के हस्का शहर के दक्षिणी तटवर्ती क्षेत्र में स्थित अश्शदादी इलाक़े पर हमला किया, जिसमें अनेक आम नागरिक घायल भी हुए।

शुक्रवार को भी अमरीकी फ़ाइटर जेट के हमले में 12 लोग मारे गए थे। ये लोग पूर्वी सीरिया के दैरुज़्ज़ूर में मारे गए थे।

अमरीका ने यह हमला ऐसी हालत में किया है कि अमरीकी गठबंधन की संयुक्त कमान ने शुक्रवार को ही एक रिपोर्ट में इराक़ और सीरिया में 2014 से अब तक अमरीकी गठबंधन के हमलों में 900 आम लोगों के मारे जाने की बात स्वीकार की है। हालांकि सीरिया और इराक़ पर अमरीकी गठबंधन के हमलों में मारे जाने वाले बेगुनाह लोगों की संख्या इससे कहीं ज़्यादा है।

अमरीका और उसके घटकों ने 2014 से आतंकवादी गुट दाइश के ख़िलाफ़ संघर्ष के नाम पर एक गठबंधन बना रखा है जो न तो संयुक्त राष्ट्र संघ के फ़्रेमवर्क में है और न ही सीरियाई सरकार से उसका समन्वय है। इस गठबंधन ने अब तक बड़ी संख्या में इराक़ और सीरिया में बेगुनाहों का ख़ून बहाया है।

सीरिया ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के नाम ख़त में अमरीका की अगुवाई वाले गठबंधन के ग़ैर क़ानूनी हवाई हमलों की बारंबार निंदा की है। (MAQ/N)