सऊदी अरब, महिलाओं ने ड्राइविंग कर मनाई ख़ुशियां+ फ़ोटो
सऊदी अरब में महिलाओं को ड्राइविंग की अनुमति मिलते ही सैकड़ों महिलाएं अपनी गाड़ियां लेकर सड़कों पर निकल आईं, सऊदी अरब के सबसे धनवान युवराज वलीद बिन तलाल की पुत्री ने भी सड़कों पर गाड़ियां दौड़ाई।
फ़्रांसीसी समाचार एजेन्सी एएफ़पी की रिपोर्ट के अनुसार सऊदी अरब में महिलाओं पर लगे ड्राइविंग प्रतिबंध 23 और 24 जनवरी के बीच की रात हटा लिया गया था जिसके साथ पूरे देश में महिलाओं ने इस ख़ुशी के मौक़े को ड्राइविंग करके मनाया।

इस दौरान ड्राइविंग करने वाली एक टीवी एंकर समरा अलमुग़रीन का कहना था कि मैंने काफ़ी समय पहले अपना चेहरा टीवी पर लाने के लिए अपना नक़ाब उतार लिया था, इस काम को मेरे भाइयों ने पसंद नहीं किया किन्तु मेरे पिता ने मेरे इन फ़ैसलों पर मेरी हमेशा मदद की।

उन्होंने कहा कि उनके पिता ने उनकी विदेश में शिक्षा प्राप्त करने में मदद की जहां उन्होंने ड्राइविंग सीखी और अंतर्राष्ट्रीय ड्राइविंग लाइसेंस भी हासिल किया किन्तु सऊदी अरब में हालात भी अलग थे। टीवी एंकर का अपनी गाड़ी चलाते हुए कहना था कि मुझे ड्राइविंग पसंद नहीं किन्तु बिन्दु यह है कि यह हमारा बुनियादी हक़ है और हम गाड़ी चला सकते हैं।

महिला ने अपनी भावनाओं को ज़ाहिर करते हुए कहा कि गाड़ी की ड्राइविंग सीट पर बैठने और गाड़ी चलाने से मुझे बहुत ख़शी हो रही है। उनका कहना थाकि यह दिन अवश्य आएगा और यह बहुत जल्दी आ गया, यह बहुत बड़ी प्रगति है और अब मैं अपने आगे और कोई रुकावट नहीं देख रही हूं।

अमरीकी समाचार एजेन्सी एसोशिएटेड प्रेस के अनुसार इस अवसर पर एक सऊदी महिला का गाड़ी चलाते हुए कहना था कि वह बहुत ख़ुश हैं और इस ख़ुशी को बयान करने के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं, जो सपना था वह पूरा हो रहा है।

ज्ञात रहे कि पिछले वर्ष सितम्बर में सऊदी सरकार की ओर से यह प्रतिबंध उठाए गये थे जबकि सऊदी सरकारी मीडिया की रिपोर्ट में शाही आदेश के हवाले से कहा गया था कि शाही आदेश के अंतर्गत महिलाओं को भी पुरुषों की भांति ड्राइविंग लाइसेंस जारी किया जाएगा और दूसरे ट्रैफ़िक क़ानून लागू किए जाएंगे। जारी महीने 5 जून को सऊदी अरब में पहली बार किसी महिला को ड्राइविंग लाइसेंस जारी किया गया था। (AK)
