सीरियाई सेना ने 5800 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र को आज़ाद कराया
-
यह तस्वीर सीरिया के सुवेदा प्रांत के बुस्तान गांव की ओर लौटते हुए परिवारों की हैं जो विस्थापित हुए थे (साना के सौजन्य से)
सीरिया की सेना ने देश के पूर्वी प्रांत दैरुज़्ज़ूर में एक बड़े मरूस्थलीय क्षेत्र के आज़ाद होने की सूचना दी है। यह क्षेत्र इराक़ की सीमा के निकट है, जिसे सीरियाई सेना ने तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश के बचे खुचे तत्वों से आज़ाद कराया है।
सीरियाई सेना की जनरल कमान ने बुधवार को एक बयान में एलान किया कि जोश व हिम्मत से भरे सैन्य दस्तों ने देश की वायु सेना की मदद से कई लड़ाई के बाद इस क्षेत्र से आतंकियों को खदेड़ने और 5800 वर्गकिलोमीटर के क्षेत्र पर नियंत्रण क़ायम करने में सफलता हासिल की।
न्यूज़ एजेंसी साना के अनुसार, इस बयान में आया है कि आतंकवाद के ख़िलाफ़ कार्यवाही में आतंकवादी लड़ाकों को भारी नुक़सान पहुंचा और उनके सैन्य उपकरण तबाह हुए।
इस बयान में आगे आया हैः "इराक़ी सीमा तक पहुंचना और मरुस्थलीय इलाक़े में दाइश के आतंकियों को पराजित करने से सीरियाई सेना के कौशल और पूरे देश को तकफ़ीरी आतंकवाद के ख़तरे से मुक्ति दिलाने तथा शांति, सुरक्षा व स्थिरता लाने तक आतंकियों के बचे खुचे तत्वों का पीछा करने में सेना की जनरल कमान की दृढ़ता साबित होती है।"
ग़ौरतलब है कि सीरिया मार्च 2011 से विदेश समर्थित आतंकवाद से संघर्ष कर रहा है। सीरियाई सरकार का कहना है कि ज़ायोनी शासन और उसके पश्चिमी घटक तकफ़ीरी आतंकवादी गुटों की सीरिया में आतंक फैलाने व तबाही मचाने में मदद कर रहे हैं। (MAQ/N)