दक्षिणी इराक़ में प्रदर्शन के दौरान 2 लोग और मरे
-
15 जुलाई 2018 को एक इराक़ी प्रदर्शनकारी बसरा में प्रदर्शन के दौरान जलते हुए टायर के निकट इशारा करते हुए
दक्षिणी इराक़ में आर्थिक चिंताओं को लेकर प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा बलों से झड़प में 2 लोग और मारे गए।
इराक़ के दक्षिणी शहरों में ख़राब जनसेवा और कथित व्याप्त भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ बढ़ती अशांति के बीच, दक्षिणी प्रांत मुसन्ना में सुरक्षा बलों के साथ झड़प में कम से कम 2 प्रदर्शनकारी मारे गए।
यह घातक घटना, बसरा सहित दक्षिणी शहरों में एक हफ़्ते तक प्रदर्शनों के बाद रविवार को मुसन्ना प्रांत के केन्द्र समावा में घटी।
एक स्थानीय पुलिस अधिकारी ने कहाः"सैकड़ों की संख्या में लोगों ने अदालत की इमारत पर धावा बोलने की कोशिश की। हमारी ओर फ़ायर हुए। यह स्पष्ट नहीं था कि कौन लोग फ़ायर कर रहे थे। हमारे पास फ़ायरिंग के सिवा कोई और रास्ता नहीं था।"
रविवार को इससे पहले सैकड़ों की संख्या में लोगों ने बसरा में प्रदर्शन किया जहां पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले फ़ायर किए और पानी की धार इस्तेमाल की। ये लोग प्रांतीय सरकार के कार्यालय पर धावा बोलने की कोशिश में थे।
बसरा इराक़ के तेल निर्यात के बहुत अहम केन्द्रों में गिना जाता है। इराक़ सरकार की आय का 95 फ़ीसद भाग तेल से प्राप्त होता है।
बसरा में रिपोर्ट के अनुसार, वॉटर ट्रीटमंट सिस्टम नहीं है।
बसरा के नागरिकों ने मांगें पूरी न होने पर और प्रदर्शन करने की धमकी दी है।
शुक्रवार को अमारा प्रांत के केन्द्र मैसान में प्रदर्शन के दौरान 1 प्रदर्शनकारी हताहत और 15 अन्य घायल हुए थे। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शनकारी राज्यपाल कार्यालय पर धावा बोलने की कोशिश कर रहे थे। इसी दिन बसरा में भी 1 प्रदर्शनकारी हताहत हुआ था। (MAQ/N)