मोहम्मद बिन सलमान ने अपने ही सैनिकों को दी चेतावनी
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i66282-मोहम्मद_बिन_सलमान_ने_अपने_ही_सैनिकों_को_दी_चेतावनी
सऊदी युवराज मोहम्मद बिन सलमान ने अपने देश के सैन्य अधिकारियों को चेतावनी दी है कि सेना के जवानों द्वारा की जा रही, ऐसी हर प्रकार की वीडियो रिकॉर्डिंग को रोका जाए, जिसमें सैनिक सऊदी अरब की आर्थिक बदहाली और मनोवैज्ञानिक दबाव की शिकायत कर रहे हैं।
(last modified 2023-04-09T06:25:50+00:00 )
Jul १६, २०१८ १८:३७ Asia/Kolkata
  • मोहम्मद बिन सलमान ने अपने ही सैनिकों को दी चेतावनी

सऊदी युवराज मोहम्मद बिन सलमान ने अपने देश के सैन्य अधिकारियों को चेतावनी दी है कि सेना के जवानों द्वारा की जा रही, ऐसी हर प्रकार की वीडियो रिकॉर्डिंग को रोका जाए, जिसमें सैनिक सऊदी अरब की आर्थिक बदहाली और मनोवैज्ञानिक दबाव की शिकायत कर रहे हैं।

अलअहद न्यूज़ वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिणी सऊदी अरब के युद्धग्रस्त  इलाक़ों में तैनात इस देश के कुछ सैनिकों ने अपनी दयनीय स्थिति की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी है, जिसके बाद पूरी दुनिया में आले सऊद शासन की बड़ी किरकिरी हो रही है। इस बीच सऊदी युवराज मोहम्मद ने अपने देश की सेना के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए आदेश दिया है कि देश के सभी सैनिकों विशेषकर यमन से मिली हुई सीमा पर तैनात जवानों को इस बात का अधिकार नहीं है कि वे अपनी वीडियो फ़िल्म बनाएं।

याद रहे कि मोहम्मद बिन सलमान ने ऐसे समय में अपने ही देश के सैनिकों को धमकी दी है जब कुछ दिनों पहले सऊदी नरेश सलमान बिन अब्दुल अज़ीज़ ने यमन में तैनात सऊदी सैनिकों द्वारा बनाई गई वीडियो क्लिप पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा था कि यमन में तैनात सभी सैनिकों पर लगाए गए आरोप और अपराधिक मामलों को ख़त्म कर दिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि इस बीच सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने अपनी माँ फ़हदा बिन्ते फालेह को घर में नज़र बंद रखने का आदेश दिया है और उनकी अनुमति के बिना कोई भी उनसे मिल नहीं सकता है। फ़हदा बिन्ते फ़ालेह, सऊदी शासक, सलमान बिन अब्दुलअज़ीज़ की तीसरी पत्नी और उनके 13 बच्चों की माँ  हैं जिन्हें इस समय अपने पति से दूर एक छोटे से महल में नज़र बंद कर दिया गया है। फ़हदा बिन्ते फ़ालेह, वर्तमान समय में सऊदी शासन सलमान बिन अब्दुलअज़ीज़ की एकमात्र औपचारिक पत्नी हैं क्योंकि उनकी एक पत्नी सुल्ताना बिन्त तुर्की  का सन 2011 में निधन हो गया और उन्होंने अपनी अन्य बीवी सारा बिन्त फैसल को तलाक़ दे दिया है। (RZ)