धमकी की भाषा को हम सहन नहीं करतेः तुर्की
तुर्की ने स्पष्ट शब्दों में कह दिया है कि वह धमकी की भाषा को बिल्कुल भी सहन नहीं करता।
तुर्की के राष्ट्रपति के प्रवक्ता ने इस देश को अमरीका की ओर से दी जाने वाले धमकी पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा है कि हम धमकी की भाषा को सहन नहीं करते।
इब्राहीम कोलेन ने कहा है कि इस प्रकार की धमकी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि तुर्की को धमकाकर कुछ नहीं करवाया जा सकता। तुर्की के राष्ट्रपति के प्रवक्ता इब्राहीम कोलेन ने कहा है कि अमरीकी सरकार को अपने व्यवहार में बदलाव लाना चाहिए।
इससे पहले अमरीकी धमकी के जवाब में तुर्की के विदेशमंत्री ने कहा है कि हम किसी की भी धमकी के आगे झुकने वाले नहीं हैं। मौलूद चावूश ओग़लू ने गुरूवार की रात अमरीकी धमकी पर अपनी प्रतिक्रिया स्वरूप कहा कि हम किसी की भी धमकी को सहन नहीं कर सकते।
ज्ञात रहे कि अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने गुरूवार को तुर्की के अधिकारियों को धमकी देते हुए कहा है कि अगर उन्होंने अमरीकी पादरी एन्ड्रयू बर्नसन को तत्काल स्वतंत्र नहीं किया तो अंकारा के विरुद्ध कठोर प्रतिबंध लगाए जाएंगे।