तुर्की के विरुद्ध अमरीकी धमकी परिणामहीन रहेगीः अर्दोग़ान
तुर्की के राष्ट्रपति ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि हम अमरीका की कोई भी ग़ैर क़ानूनी मांग नहीं मानेंगे।
रजब तैयब अर्दोग़ान ने एलान किया है कि अंकारा, जासूसी के आरोप में गिरफ़्तार पादरी एन्ड्रयू ब्रंसन को अमरीका की मांग पर स्वतंत्र नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि एन्ड्रयू को जासूसी के आरोप में गिरफ़्तार किया गया है।
तुर्की के राष्ट्रपति ने अंकारा और वाशिग्टन डीसी के संबन्धों का उल्लेख करते हुए कहा कि हम क़ानून के पाबंद हैं और जासूसी के आरोप में गिरफ़्तार पादरी एन्ड्रयू ब्रंसन के साथ क़ानून के हिसाब से ही व्यवहार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोई भी तुर्की को ग़ैर क़ानूनी काम करवाने के लिए बाध्य नहीं कर सकता। अर्दोग़ान ने कहा कि तुर्की के विरुद्ध अमरीकी धमकी का कोई परिणाम नहीं निकलेगा।
ज्ञात रहे कि अमरीकी नागरिक एन्ड्रयू ब्रंसन पर तुर्की में जासूसी करने और फ़तहुल्ला गोलेन के साथ संपर्क के आरोप के कारण अमरीका ने पहली अगस्त 2018 को तुर्की के विरुद्ध प्रतिबंध लगा दिये थे जिसके बाद से दोनो देशों के संबन्ध बहुत ही तनावपूर्ण हो गए हैं।