इदलिब शीघ्र ही आतंकियों से स्वतंत्र होगाः सीरियाई रक्षा मंत्री
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i69363-इदलिब_शीघ्र_ही_आतंकियों_से_स्वतंत्र_होगाः_सीरियाई_रक्षा_मंत्री
सीरिया के रक्षामंत्री ने कहा है कि इदलिब प्रांत को शीघ्र ही आतंकवादियों के नियंत्रण से स्वतंत्र करा लिया जाएगा।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Oct २६, २०१८ १८:४४ Asia/Kolkata
  • इदलिब शीघ्र ही आतंकियों से स्वतंत्र होगाः सीरियाई रक्षा मंत्री

सीरिया के रक्षामंत्री ने कहा है कि इदलिब प्रांत को शीघ्र ही आतंकवादियों के नियंत्रण से स्वतंत्र करा लिया जाएगा।

सीरिया की सरकारी समाचार एजेन्सी साना की रिपोर्ट के अनुसार रक्षामंत्री जनरल अली अब्दुल्लाह अय्यूब ने एक बैठक को संबोधित करते हुए सीरियाई सेना और स्वयं सेवी बलों के जवानों की बलिदान की भावनाओं की सराहना की।

उन्होंने कहा कि रणक्षेत्र की स्थिति पूरी तरह से हमारे हाथ में है और दुनिया हमारी सफलताएं देख रही है। सीरिया के रक्षामंत्री ने कहा कि देश की सशस्त्र सेनाएं अपनी ज़िम्मेदारियां अदा करने और देश के समस्त क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा की बहाली के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

उन्होंने यह बात बल देकर कही कि इदलिब प्रांत को भी देश के अन्य क्षेत्रों की भांति आतंकवादी गुटों के नियंत्रण से स्वतंत्र करा लिया जाएगा। जनरल अली अब्दुल्लाह अय्यूब का कहना था कि जनता और सेना के प्रतिरोध और राष्ट्रपति बश्शार असद के युक्तिपूर्ण नेतृत्व के परिणाम में देश के विरुद्ध रचाई जाने वाली साज़िशे विफल हो गयी हैं।

सीरिया के रक्षामंत्री ने एक बार फिर कहा कि सीरिया में अमरीकी और ब्रिटिश सैनिकों की उपस्थिति ग़ैर क़ानूनी और संयुक्त राष्ट्र संघ के एक स्वतंत्र व स्वाधीन देश की संप्रभुता का उल्लंघन है। 

उन्होंने कहा कि हुम्स, हलब, दैरिज़्ज़ूर, पूर्वी ग़ोता, दरआ और क़ुनैतरा प्रांत पर सीरियाई सेना का नियंत्रण हो जाने और इन क्षेत्रों से आतंकवादियों के ख़ात्मे के बाद जिन्हें अमरीका मध्यमार्गी क़रार देता है, सीरिया में अब तुरुप का पत्ता वाशिंग्टन के हाथ से निकल गया है। (AK)