अरबईने हुसैनी, इराक़ में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
इराक़ के स्वयं सेवी बल हश्दुश्शाबी की केन्द्रीय आप्रेश्नल कमान ने अरबईने हुसैनी के तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के उद्देश्य से बग़दाद और इराक़ के दक्षिणी प्रांतों में ड्रोन विमानों के साथ सुरक्षा कर्मियों को तैनात कर दिया है।
इराक़ के स्वयं सेवी बल हश्दुश्शाबी की केन्द्रीय आप्रेश्नल कमान ने घोषणा की है कि ड्रोन विमानों के स्थानांतरण का उद्देश्य वायु सीमा की निगरानी और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों तथा इन क्षेत्रों में सूचनाओं का आदान प्रदान करना है।
ज़ीक़ार प्रांत के पुलिस प्रमुख ने भी हज़रत इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के चेहलुम के तीर्थयात्रियों की रक्षा के लिए हैदरिया से कर्बला तक के पूरे रास्ते में टास्क फ़ोर्स के जवानों को तैनात किए जाने की सूचना दी है।
इसी मध्य इराक़ के सीमावर्ती क्षेत्रों के संगठन ने घोषणा की है कि अरबईने हुसैनी में भाग लेने के लिए इराक़ में प्रविष्ट होने वाले तीर्थयात्रियों के कारवां निरंतर बढ़ रहे हैं।
ज्ञात रहे कि इराक़ी स्वंयसेवी बल हश्दुश्शाबी ने इससे पहले बताया था कि उसने कर्बला के ऊपर उड़ रहे 15 ड्रोन विमान मार गिराए हैं।
हश्दुश्शाबी की शाखा अब्बास ब्रिगेड ने शनिवार को एक बयान में बताया कि इस ब्रिगेड ने सुरक्षा के मद्देनज़र कर्बला के ऊपर उड़ रहे 15 ड्रोन विमान अब तक मार गिराए हैं।
इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के चेहलुम के अवसर पर इराक़ के पवित्र नगर कर्बला में दसियों हज़ार पुलिस बल और हश्दुश्शाबी के जवान तैनात हैं। (AK)