आस्ताना में सीरिया की शांति वार्ता का 11वां चरण संपन्न
क़ज़ाक़िस्तान की राजधानी आस्ताना में सीरिया संकट के समाधान के लिए अंतर्राष्ट्रीय वार्ता का 11वां चरण एक बयान जारी करके संपन्न हो गया।
ईरान, तुर्की और रूस ने अपने संयुक्त बयान में संयुक्त राष्ट्र संघ के घोषणापत्र के आधार पर सीरिया की एकता, एकजुटता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा किए जाने पर बल दिया है और कहा है कि इन सिद्धांतों का विश्व स्तर पर सम्मान किया जाना चाहिए और हर एेसे क़दम से बचना चाहिए जिससे इन सिद्धांतों का उल्लंघन हो और आस्ताना वार्ता की उपलब्धियां कमज़ोर हों। इन तीनों देशों ने आतंकवाद से संघर्ष के बहाने सीरिया की ज़मीनी वास्तविकताओं को बदलने के प्रयासों को ख़ारिज करते हुए बल दिया है कि वे सीरिया में युद्ध विराम के उल्लंघन को रोकने के लिए अपने समन्वय को मज़बूत बनाते रहेंगे।
ईरान, तुर्की और रूस ने अपने संयुक्त बयान में इसी तरह कहा है कि सीरिया में आतंकवादियों विशेष कर आतंकी गुट दाइश व नुस्रा फ़्रंट को समाप्त करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाने चाहिए। इन तीनों देशों ने सीरिया में रासायनिक हथियारों के हर प्रकार के इस्तेमाल की निंदा करते हुए कहा है कि सीरिया संकट के समाधान का कोई भी सैन्य मार्ग नहीं है और यह संकट केवल सीरियाई पक्षों की सम्मिलिति से राजनैतिक प्रक्रिया द्वारा ही सुलझ सकता है। (HN)