सीरिया के राष्ट्रपति के नाम इराकी प्रधानमंत्री का संदेश
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i71223-सीरिया_के_राष्ट्रपति_के_नाम_इराकी_प्रधानमंत्री_का_संदेश
राष्ट्रीय सुरक्षा के मामलों में इराक़ी प्रधानमंत्री के सलाहकार फ़ालेह फ़य्याज़ ने सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद से मुलाक़ात की है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Dec २९, २०१८ १७:५८ Asia/Kolkata
  • सीरिया के राष्ट्रपति के नाम इराकी प्रधानमंत्री का संदेश

राष्ट्रीय सुरक्षा के मामलों में इराक़ी प्रधानमंत्री के सलाहकार फ़ालेह फ़य्याज़ ने सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद से मुलाक़ात की है।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़ सीरिया की राजधानी दमिश्क़ में होने वाली इस मुलाक़ात में फ़ालेह फ़य्याज़ ने सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद को इराक़ी प्रधानमंत्री आदिल अब्दुल मेहदी का संदेश पहुंचाया। इस अवसर पर बताचीत करते हुए बश्शार असद ने कहा कि इराक़ और सीरिया के ख़िलाफ़ बाहरी साज़िशें पूरी तरह नाकाम हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि सीरिया और इराक़ के अधिकतर शहरों को आतंकवादियों के क़ब्ज़े से आज़ाद करा लिया जाना इस बात का सबूत है कि इलाक़े की जनता ने बाहरी शक्तियों की नापाक साज़िशों को पूरी तरह विफल बना दिया है।

बश्शार असद ने सीरिया और इराक़ के संबंधों को संतोषजनक बताते हुए कहा कि आतंकवाद के ख़िलाफ़ दमिश्क़ और बग़दाद की बीच जारी सहयोग ने आतंकवादियों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के ख़िलाफ़ युद्ध में सीरिया और इराक़ का आपसी सहयोग आगे भी जारी रहेगा।

दूसरी ओर इराक़ी सूत्रों ने बताया है कि इराक़ के प्रधानमंत्री आदिल अब्दुल मेहदी ने सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद के नाम अपने संदेश में बग़दाद दमिश्क़ संबंधों में विस्तार सहित इलाक़े में आतंकवादी गुटों के ख़िलाफ़ युद्ध में सहयोग के क्रम को जारी रखने पर बल दिया है। इराक़ी प्रधानमंत्री के सलाहकार ने बश्शार असद से बातचीत करते हुए कहा कि आतंकवादी गुटों के ख़िलाफ़ युद्ध में इराक़ और सीरिया की कामयाबी पूरे क्षेत्र के लिए अच्छे भविष्य का संकेत है। उन्होंने मिन्बिज शहर पर फिर से सीरियाई सेना के नियंत्रण के लिए सीरिया सरकार, सेना और जनता को बधाई भी दी। (RZ)