सीरिया का दौरा सार्थक रहाः संरा के विशेष दूत
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i71863-सीरिया_का_दौरा_सार्थक_रहाः_संरा_के_विशेष_दूत
सीरिया के मामले में संयुक्त राष्ट्र संघ के विशेष दूत गियर पिडरसन ने दमिश्क़ में सीरिया के विदेशमंत्री वलीद अलमुअल्लिम से मुलाक़ात की है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jan १७, २०१९ १७:१८ Asia/Kolkata
  • सीरिया का दौरा सार्थक रहाः संरा के विशेष दूत

सीरिया के मामले में संयुक्त राष्ट्र संघ के विशेष दूत गियर पिडरसन ने दमिश्क़ में सीरिया के विदेशमंत्री वलीद अलमुअल्लिम से मुलाक़ात की है।

गियर पिडरसन ने सीरिया के विदेशमंत्री से अपनी मुलाक़ात को सार्थक और सकारात्मक क़रार देते हुए कहा कि वह व्यवस्थित तरीक़े से सीरिया का दौरा करते रहेंगे।

अपने एक ट्वीट में उनका कहना था कि वह संयुक्त राष्ट्र संघ की सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव क्रमांक 2254 के अंतर्गत सीरिया संकट को राजनैतिक आधारों पर हल करने का प्रयास जारी रखेंगे।

संयुक्त राष्ट्र संघ के विशेष दूत ने बताया कि उन्होंने सीरिया के विदेशमंत्री वलीद अलमुअल्लिम के साथ मुलाक़ात में संयुक्त बिन्दुओं और मतभेद के मामलों के बारे में भी विचार विमर्श किया।

ज्ञात रहे कि गियर पिडरसन को स्टीफ़न डि मिस्तूरा की जगह सीरिया के मामले में संयुक्त राष्ट्र संघ के विशेष दूत बनाया गया है जो अपने पद की अवधि समाप्त होने के बाद हट गये थे। (AK)