गिरफ़्तार आतंकवादियों को सीरिया में स्वतंत्र छोड़ना अपराध हैः रूस
रूस ने अमरीका की इस धमकी की कड़ी आलोचना की है कि वह गिरफ़्तार आतंकवादियों को सीरिया में स्वतंत्र छोड़ देगा।
रूस के विदेशमंत्री ने अमरीकी धमकी की कड़ी आलोचना करते हुए कहा है कि यदि वह गिरफ़्तार आतंकवादियों को सीरिया में स्वतंत्र छोड़ता है तो यह एक अपराध होगा।
स्पूतनिक समाचार एजेन्सी के अनुसार सरगेई लावरोफ ने माॅस्को में संवाददाता सम्मेलन में बोलते हुए कहा कि पश्चिमी विशेषकर यूरोपीयों ने आतंकवाद के संदर्भ में दोहरा मानदंड अपना रखा है। वे अपने किसी भी आतंकवादी को स्वीकार नहीं कर रहे हैं जिनको अमरीकी तथा कुर्द सैनिकों ने पूर्वी फ़ुरात के पास पकड़ रखा है। उन्होंने कहा कि अब अमरीका, इराक़ की सरकार पर दबाव बना रहा है कि वह इन गिरफ़्तार आतंकवादियों को अपने पास रखे। रूसी विदेशमंत्री का यह बयान, वाइट हाउस के उस बयान की प्रतिक्रिया में आया है जिसमें कहा गया था कि सीरिया में गिरफ़्तार किये गए एक हज़ार आतंकवादियों को वापस यूरोप भेजा जाए। अधिकाशं यूरोपीय देशों ने इस अमरीकी घोषणा का विरोध किया है।
इस संवाददाता सम्मेलन में रूसी विदेशमंत्री ने बांग्लादेश के विदेशमंत्री के साथ भेंट में बल दिया कि दाइश और नुस्रा फ्रंट जैसे आतंकवादी गुटों की गतिविधियों को रोका जाए। सरगेई लावरोफ ने यह भी कहा कि सीरिया के अधिकारियों को पूरा अधिकार है कि वे अपने धरती के हर भाग पर नियंत्र रखें।